गांजे की खेती करना गैर कानूनी है। लेकिन फिल्म में ऐसा करना हो तो कोई भी कलाकार करेगा। इसीलिए अपनी अगली फिल्म द ब्लू बेरी हंट में बेहतरीन अदाकार नसीरुद्दीन शाह गांजे की खेती करते नजर आएंगे। निर्माता, निर्देशक, लेखक अनूप कूरियन की इस फिल्म की कहानी गांजे की खेती के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में नसीर एक रिटायर्ड कर्नल बने हैं, जो केरल के एक दूरदराज के सुनसान इलाके में जर्मन शेफर्ड कुत्ते के साथ रहता है।
कर्नल रातोंरात अरबपति बनने के मकसद से गांजे की बेशकीमती फसल उगाने को तैयार होता है। जब फसल तैयार हो जाती है और उसे काटकर बेचने का वक्त आता है तो ठीक एक रात पहले सब गड़बड़ हो जाता है।
रोचक बात यह है कि नसीर ने फिल्म में फ्री में काम किया है। स्क्रिप्ट उन्हें इतनी पसंद आई कि उन्होंने एक पैसा नहीं लिया। असल में जब नसीर को पता चला कि धन के अभाव में कुरियन स्क्रिप्ट को काट-छांट कर छोटा कर रहे हैं ताकि शॉर्ट फिल्म बना सकें, तब नसीर ने कहा कि इसे फीचर फिल्म बनाएं। वह एक पैसा नहीं लेंगे।