बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन कार के शुरू से शौकीन रहे हैं। आज भी उनके पास लगभग 25 कार हैं। अमिताभ शुरू से ही मर्सिडिज के फैन रहे हैं। आज वे कहीं भी जाते हैं तो ज्यादातर अपनी उसी कार का इस्तेमाल करते हैं। अमिताभ के बारे में यह बात तो लगभग सभी जानते होंगे।
लेकिन कम ही लोगों को यह जानकारी है कि अमिताभ बच्चन को कभी अभिनेत्री मुमताज की मर्सिडिज बेहद पसंद आ गयी थी। उस वक्त अमिताभ और मुमताज एक साथ एक फिल्म में काम कर रहे थे। उस वक्त अमिताभ के पास कार तो थी लेकिन मर्सिडीज नहीं। मुमताज से उनकी कार के बारे में इतनी तारीफ करते थे कि मुमताज को लगा कि वह कार उन्हें बेहद पसंद हैं, सो अच्छे दोस्त होने के साथ उन्होंने वह मर्सिडिज कार अमिताभ को गिफ्ट कर दी थी।
अमिताभ ने हाल ही में इस बात का जिक्र मोहम्मद रफी पर आधारित किताब हमारे अब्बा की लांचिंग के दौरान किया। चूंकि मोहम्मद रफी भी कार के काफी शौकीन थे तो अमिताभ ने कुछ बातें शेयर करते हुए यह भी बताया कि मुमताज ने उन्हें कार गिफ्ट की थी। जो आज भी उन्हें बेहद पसंद हैं और वे लकी रहे हैं कि उन्हें ऐसे दोस्त मिले हैं। साथ ही अमिताभ ने यह भी बताया कि उन्हें रफी साहब के साथ रिकॉर्डिंग करने के बाद लांग ड्राइव पर जाना कितना अच्छा लगता था।