मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार ममूटी की बहुप्रतीक्षित फिल्म मामंगम का पहला गाना मुक्कुठी सामने आ चुका है। मलयालम सिनेमा के सुपर स्टार ममूटी ने ये गाना कोच्चि में एक शानदार कार्यक्रम में रिलीज किया। इस मौके पर फिल्म की मुख्य अभिनेत्री प्राची तहलन भी मौजूद रहीं। प्राची पर फिल्माए गए इस गाने को श्रेया घोषाल ने आवाज दी है तो वहीं बृंदा मास्टर ने इसे कोरियोग्राफ किया है।
फिल्म की मुख्य अभिनेत्री प्राची तहलन ने इस गाने से जुड़े अपने अऩुभव साझा करते हुए बताया कि मुक्कुठी के जरिए ही उन्हें अपने अंदर छिपी शास्त्रीय नर्तकी का पता चला। प्राची ने कहा, “मैंने 2018 में विशु देव सर के साथ एक ही गाना शूट किया। बाद में, हमने इसे बृंदा मास्टर के साथ शूट किया। दोनों के साथ काम करने का मेरा शानदार अनुभव रहा। वे बेहद प्रतिभाशाली लोग हैं जो अपने पेशे से काफी ईमानदार हैं।”
इस गाने में प्राची अपना सर्वश्रेष्ठ देने और अपनी कड़ी मेहनत के जरिए डांस मास्टर्स को प्रभावित करने से काफी खुश हैं। उन्होंने कहा, “डांसर ना होते हुए भी अपने अच्छे डांस से मास्टर का दिल जीतना काफी चुनौतीपूर्ण था। लेकिन मेरे लिए इससे अधिक खुशी किसी बात से नहीं होगी कि मेरे समर्पण और कला के प्रति ईमानदारी को पंसद किया गया।”
मुक्कुठी ( नथुनी ) एक शानदार गीत है, जिसमें बहुत सारे रंग और दीए लैंप का इस्तेमाल हुआ है। इसका पूरा सेट असाधारण हैं और फिल्माए दृश्य बेहद ही आकर्षक हैं। प्राची बताती हैं, “इस गाने की शूटिंग कोच्चि में चार दिनों तक चली थी। इस दौरान मुझे बहुत सारे गहने और भारी-भरकम परिधान पहनना पड़ा था। इस दौरान मैं कई बार चोटिल हुईं यहां तक कि मेरे हाथों पर चकत्ते और कानों से खून तक बहने लगा था।”