जहां एक ओर सुनने में आ रहा है कि भाजपा के पीएम पद के दावेदार नरेन्द्र मोदी पर फिल्म बनने जा रही है तो वहीं दूसरी ओर अब ये खबरें भी हैं कि अरविन्द केजरीवाल पर भी फिल्म बनाई जा रही है। आने वाली फिल्म यंगिस्तान को दबी जुबा में राहुल गांधी की कहानी बताया जा रहा है।
क्या आम आदमी पार्टी के लीडर अरविंद केजरीवाल फिल्म का विषय हो गए हैं? कहा तो यही जा रहा है। इन दिनों एक फिल्म की चर्चा है ‘एक था अरविंद’।
सौ से ज्यादा वीडियो एलबम और 200 से ज्यादा टीवी विज्ञापन बना चुके निर्देशक नवीन बत्रा यह फिल्म डायरेक्ट कर रहे हैं। पिछले साल वह ‘सुपर मॉडल’ नाम की फिल्म बना चुके हैं। ‘एक था अरविंद’ को पिछले सप्ताह लॉन्च किया गया। इसकी शूटिंग नई दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मुंबई में होगी।
‘एक था अरविंद’ अरविंद माथुर नाम के व्यक्ति की कहानी है जो समाज के मध्यम वर्ग से आता है और अपनी ईमानदारी से व्यवस्था में बदलाव लाने की कोशिश करता है। अरविंद आम आदमी है और वह व्यवस्था में हो रहे भ्रष्टाचार के जवाब जानने की कोशिश करता है।
अपनी इन्हीं कोशिशों के बीच वह राजनीति में प्रवेश करता है और देश का सबसे लोकप्रिय नेता बन जाता है। अपना लक्ष्य हासिल करने के लिए उसे सैकड़ों चुनौतियों से जूझना पड़ता है। क्या यह अरविंद केजरीवाल की कहानी है...?
निर्देशक नवीन बत्रा का कहना है कि कुछ समानताएं किसी को नजर आ सकती हैं, लेकिन यह फिल्म अरविंद केजरीवाल के जीवन पर आधारित नहीं है। वाकई...? अब आप खुद तय कीजिए। फिल्म तो जब आएगी, तब आएगी।
--