साल भर ही हुआ है जब शीना बोरा हत्याकांड की करीब एक पखवाड़े तक चली सनसनी में हर दिन नए राज खुल रहे थे। हर नई बात पिछली से ज्यादा हैरतअंगेज लग रही थी। खबरों की तेज गति के बीच सिनेमा भी रफ्तार पकड़ चुका है और एक बरस बीतते-बीतते इस हत्याकांड पर दो फिल्में अगले महीने रिलीज होने को तैयार हैं।
एक मां अपनी बेटी की कैसे निर्मम हत्या में कैसे भागीदार हो सकती है? पिछले साल अगस्त में शीना बोरा मर्डर कांड का खुलासा होते ही यह सवाल सुर्खियों में था और रहस्य की परतों से एक के बाद निकले तथ्यों ने पूरे देश को चौंकाया था। सिनेमा बनने की रफ्तार कितनी तेज हो चुकी है, इसका अनुमान आप ऐसे लगा सकते हैं कि बीते अगस्त में सामने आए इस हत्याकांड से प्रेरित दो फिल्में तैयार होकर इस सितंबर में रिलीज होने जा रही हैं। दो सितंबर को रिलीज होने वाली पहली फिल्म है निर्देशक अग्निदेव चटर्जी की डार्क चॉकलेट और दूसरी फिल्म नौ सितंबर को रिलीज होगी, निर्देशक अजीज जी की एक कहानी जूली की।
डार्क चॉकलेज में जहां महिमा चौधरी और रिया सेन जैसे चेहरे हैं। वहीं एक कहानी जूली की में राखी सावंत लीड रोल निभाती नजर आएंगी। डार्क चॉकलेट को इस हत्याकांड में फंसे इंद्राणी और पीटर मुखर्जी की तरफ से अदालती चुनौती का भी सामना करना पड़ा था। मुखर्जी दंपति का कहना था कि फिल्म में दिखाई घटनाओं से न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। परंतु निर्देशक का तर्क था कि उसने ऐसी कोई नई बात फिल्म में नहीं दिखाई, जो पब्लिक डोमेन (सार्वजनिक) में नहीं है। उसने सामने आए तथ्यों को ही फिल्माया है। अपनी तरफ से कोई बात नहीं जोड़ी।
फिल्म हत्याकांड से जुड़े तथ्यों के करीब
सूत्रों की मानें तो यह फिल्म हत्याकांड से जुड़े तथ्यों के बहुत नजदीक है। वहीं बताया जा रहा है कि एक कहानी जूली की की स्क्रिप्ट पहले पूरी तरह से शीना और इंद्राणी के रिश्तों पर तैयार की गई थी, मगर बाद में इसमें आंशिक बदलाव करके फिल्मी कहानी जैसा रूप दिया गया। राखी सावंत इससे नाखुश हैं। राखी के अनुसार, ‘निर्माता को धमकियों से भरे कॉल मिले थे, जिससे वह डर गए। इसके बाद उन्होंने स्क्रिप्ट में बदलाव कराए।’ राखी का मानना है कि फिल्म की ओरीजनल स्क्रिप्ट बहुत बेहतर थी, इसके बावजूद वह कहती हैं कि अब भी करीब 60 फीसदी बातें तो रखी ही गई हैं। फिल्म में इंद्राणी पर आधारित भूमिका राखी निभा रही हैं।
उधर, बेटी की हत्या कराने के आरोपों का सामना कर रहीं इंद्राणी के युवा दिनों की भूमिका डार्क चॉकलेट में रिया सेन ने निभाई है। असल में रिया ही फिल्म में शीना का भी रोल कर रही हैं। इस तरह से रिया फिल्म मां और बेटी के डबल में रोल दिखेंगी। इंद्राणी पर आधारित उम्रदराज महिला का रोल महिमा चौधरी निभा रही हैं। फिल्म से जुड़े सूत्रों के अनुसार निर्देशक अग्निदेव चटर्जी परेशान थे कि इंद्राणी की युवावस्था के लिए किसे साइन करें क्योंकि महिमा को अब 20 साल की युवती के किरदार में दिखाना संभव नहीं है। तभी उन्हें लगा कि बेटी का किरदार निभा रहीं रिया को ही क्यों नहीं इंद्राणी बनाया जाए। उन्होंने महिमा से बातचीत की, जिन्होंने आइडिये पर अपनी मुहर लगा दी।
महेश भट्ट ने भी लिखी थी इंद्राणी की कहानी
शीना बोरा मर्डर केस सामने आते ही महेश भट्ट ने यह कर चौंका दिया था कि इस हादसे के जैसे प्लॉट पर वह एक कहानी अपनी कल्पना से पहले ही लिख चुके हैं। शीर्षक हैः अब रात गुजरने वाली है। अपराध और प्रेम से जुड़ी है इस कहानी में मां-बेटी के इर्द-गिर्द खूनी खेल है। यहां किरदार मीडिया की दुनिया से हैं और उसमें ताकत-शोहरत और पैसे का खेल है। उन्होंने इस कहानी पर शीघ्र ही फिल्म बनाने की घोषणा भी की थी।
उन्होंने कहा था कि उनकी कहानी और इंद्राणी-शीना की कहानी में जबर्दस्त समानता है। भट्ट ने आश्चर्य प्रकट किया था कि, ‘अक्सर कहानियां जिंदगी के पीछे चलती हैं, परंतु यहां एक कहानी के नक्शे-कदम पर असल जिंदगी की घटनाएं घट रही हैं। मैंन कभी नहीं सोचा था कि जैसा मैंने लिखा है, वैसी कोई घटना इस तरह से सामने आ जाएगी।’