श्रीदेवी अपनी आने वाली फिल्म 'मॉम' से पांच सालों बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। फिल्म का टीजर हाल ही में रिलीज किया गया। इस फिल्म में श्रीदेवी के अलावा नवाजुद्दीन सिद्दिकी, अक्षय खन्ना, सुशांत सिंह और अमृता पुरी मुख्य किरदार में नजर आने वाले हैं।
'मॉम' फिल्म में श्रीदेवी एक मां के रोल में नजर आएंगी। इससे पहले श्रीदेवी 'इंग्लिश-विंग्लिश' में भी मां का किरदार निभा चुकी हैं। 'मॉम' फिल्म में श्रीदेवी अपनी बेटी को समाजिक साजिशों से बचाती है।
कुछ दिन पहले फिल्म का मोशन पोस्टर रिलीज किया गया था जिसमें नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने वॉयस ऑवर दिया है। इस भावुक वॉयस ऑवर में जीवन में मां का महत्व समझाया गया है, इसे सुनने से हर किसी को अपनी मां पर गर्व महसूस होगा।
इस टीजर में कहा गया है 'बदलते वक्त में भी नही बदलता उसका प्यार। बच्चों के लिए फूल सी, दुश्मन के लिए तलवार। लक्ष्मी भी वो, सरस्वती, दुर्गा और काली भी। उसी से घर में होती है होली, ईद, दिवाली भी। ममता के है दुनिया में कई नाम- मां कहो, अम्मा कहो या कहो मॉम।'
जी सिने अवार्ड फंक्शन के दौरान श्रीदेवी ने इस टीजर को लॉन्च किया। टीजर लॉन्च के बाद अवार्ड फंक्शन में ही सलमान खान इस टीजर की तारीफ करते नजर आए। इसके बाद नवाजुद्दीन सिद्दकी ने अपने फेसबुक पर भी टीजर को शेयर किया।