फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हर हाल में फिल्म हिट कराना चाहते हैं ऋतिक, पड़ गए अकेले

Wed, 10 Aug 2016 10:43 AM IST
रवि बुले/अमर उजाला, मुंबई
विज्ञापन
विज्ञापन
बॉलीवुड में खेमेबाजी छुपी नहीं है। एक कैंप की फिल्म फ्लॉप होने पर प्रतिद्वंद्वी कैंप जश्न मनाता है। शुक्रवार को दो चर्चित फिल्में रिलीज हो रही हैं। इसे अक्षय कुमार और ऋतिक रोशन की टक्कर के रूप में देखा जा रहा है। खास बात यह कि इंडस्ट्री के कुछ सितारे खुल कर अक्षय के पक्ष में बोल रहे हैं और ऋतिक अकेले खड़े हैं।
विज्ञापन


सोमवार की शाम को ऋतिक रोशन ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा कि उनकी फिल्म मोहेंजो दारो और अक्षय कुमार स्टारर रुस्तम की रिलीज को चार दिन बाकी हैं। उन्होंने आगे हैशटैग किया दोस्ती की है तो निभानी पड़ेगी। अक्षय ने चुलबुले अंदाज में जवाब दिया, बस कर पगले अब रुलाएगा क्या?

असल में अक्षय और ऋतिक एक ही इमारत में रहते हैं और एक तरह से पड़ोसी हैं। मगर जिस तरह से दोनों की फिल्में एक ही दिन सिनेमाघरों में आ रही है, उससे साफ है कि टक्कर केवल वहीं तक सीमित नहीं है। खास बात यह है कि बॉलीवुड में अक्षय कुमार को सितारों का सपोर्ट मिल रहा है और ऋतिक की फिल्म के बारे में सितारे बात नहीं कर रहे हैं। इस पर ऋतिक चिंतित भी हैं।
विज्ञापन


हाल में जब ऋतिक से पूछा गया था कि अक्षय की फिल्म के समर्थन में बॉलीवुड सितारे बात कर रहे हैं, जबकि मोहेंजो दारो को किसी का सहयोग नहीं मिल रहा है। इस पर ऋतिक ने कहा, ‘यह अच्छी बात है। इंडस्ट्री में जिसको मदद की जरूरत हो उसकी जरूर मदद की जानी चाहिए।’

अक्षय की नाराजगी के डर से किया ट्वीट!

- फोटो : twitter
इससे सीधा संदेश गया कि ऋतिक खुद को अक्षय से बड़ा सितारा मानते हैं और उन्होंने इशारों-इशारों में कहा कि खिलाड़ी कुमार को कामयाब होने के लिए दूसरों की सहायता की जरूरत है। बाद में ऋतिक को उनके करीबियों ने समझाया कि अक्षय से पंगा नहीं लेना चाहिए तब उन्होंने ट्विटर पर सोमवार की शाम को अपना संदेश लिखा।

उल्लेखनीय है कि सलमान खान, रणवीर सिंह, सोनम कपूर से लेकर अर्जुन कपूर तक सोशल मीडिया में अपने वीडियो जारी करके अक्षय की फिल्म के समर्थन में बात कर चुके हैं। जबकि खुद ऋतिक और  उनकी हीरोइन पूजा हेगड़े ने मोहेंजो दारो का प्रमोशन सही ढंग से नहीं किया है। फिल्म के निर्देशक आशुतोष गोवारिकर भी बैकफुट पर रहे और उन्होंने चुनिंदा मीडिया से ही बात की।

इंडस्ट्री के जानकार हैरान हैं कि ऐसा क्या हुआ जो फिल्म इंडस्ट्री के लोग ऋतिक और मोहेंजो दारो का समर्थन नहीं कर रहे? जबकि ऋतिक ने हमेशा सोशल मीडिया में लोगों से दोस्ती निभाई है। इंडस्ट्री में हो रही चर्चाओं की मानें तो बीते कुछ महीनों के विवादित घटनाक्रमों ने ऋतिक को दूसरों से अलग-थलग किया है। खास तौर पर कंगना रनौत के साथ हुए विवाद ने उनकी छवि को गहरा धक्का पहुंचाया।

इस विवाद में इंडस्ट्री के कई दिग्गज कंगना के पक्ष में आ खड़े हुए थे और उन्होंने खुल कर कंगना के साहस को सराहा था। हालांकि ऋतिक ने व्यक्तिगत रूप से विद्या बालन, प्रियंका चोपड़ा, सलमान खान और करन जौहर जैसे दोस्तों को फोन पर या फिर मिल कर अपना पक्ष समझाया था। परंतु ऐसा लगता है कि बात बन नहीं सकी।

इसके बाद मैड्रिड में आइफा समारोह के दौरान ऋतिक के सलमान और रणवीर सिंह से साथ मनमुटाव तथा तनाव की खबरें आई थीं। संभवतः यही वजह है कि ये सितारे और इनके दोस्त ऋतिक का समर्थन नहीं कर रहे और अक्षय की फिल्म के पक्ष में खड़े दिख रहे हैं।

ऋतिक ने अपने ही दोस्तों को नाराज किया!

- फोटो : twitter
कंगना एपिसोडः कंगना रनौत से विवाद में विद्या बालन, प्रियंका चोपड़ा, सलमान खान और करन जौहर जैसे दिग्गजों ने या तो हीरोइन का समर्थन किया या ऋतिक के पक्ष में बोलने से बचे। विवाद ने ऋतिक की छवि को नुकसान पहुंचाया। ऋतिक ने कंगना के साथ काम कर चुके इंडस्ट्री के सीनियरों से मध्यस्थता की भी अपील की, परंतु उन्हें कामयाबी नहीं मिली। इससे यही मतलब निकाला जा रहा है कि ऋतिक अपनी बातों से दोस्तों और सीनियरों को संतुष्ट नहीं कर सके।
काबिल विवादः ऋतिक की अगली फिल्म काबिल 2017 में 26 जनवरी को रिलीज होनी है। इस दिन शाहरुख की रईस भी आएगी। शाहरुख टकराव टालने के लिए ऋतिक के पिता से बात कर चुके हैं परंतु हल नहीं निकला। जानकारों के अनुसार अगर मोहेंजो दारो सफल हुई तो किसी भी हाल में काबिल की तारीख आगे नहीं बढ़ेगी। ऐसे में शाहरुख खेमा इसके नतीजे का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। सूत्रों का कहना है कि अगर राकेश रोशन काबिल की तारीख आगे बढ़ा देते तो मोहेंजे दारो में उन्हें शाहरुख और उनके दोस्तों का समर्थन मिल जाता।
विज्ञापन

गोवारिकर पर है सफलता का दवाब

- फोटो : twitter
सितारों की खींच-तान के बीच लगान (2001) जैसी फिल्म के निर्देशक आशुतोष गोवारिकर पर सफल होने का जबर्दस्त दबाव है। उन्हें आखिरी कामयाबी 2008 में जोधा-अकबर में मिली थी। इसके बाद उनकी दो फिल्में व्हाट्स योर राशि (2009) और खेलें हम जी जान से (2010) बुरी तरह फ्लॉप हुईं।

इन फिल्मों के निर्माता होने की वजह से आशुतोष को आर्थिक नुकसान भी हुआ था। बीते वर्षों में फिल्मों के साथ टीवी पर भी आशुतोष को नाकामी झेलनी पड़ी। जब 2014 में उनके द्वारा बनाया सीरियल एवरेस्ट दर्शकों को रास नहीं आया। ऐसे में मोहेंजो दारो गोवारिकर के लिए अग्नि परीक्षा समान है।

गोवारिकर लंबी फिल्में बनाने के लिए जाने जाते हैं और यह समय छोटी समयावधि की फिल्मों का है। इन तमाम बातों के बीच गोवारिकर की मुश्किल यह है कि ट्रेड तथा सोशल मीडिया में मोहेंजो दारो से ज्यादा अक्षय की फिल्म ज्यादा चर्चा पा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें