पाकिस्तान की फिल्म 'बिन रोए' महाराष्ट्र में रिलीज नहीं होगी। ईद पर रिलीज होनी वाली ये फिल्म महाराष्ट्र को छोड़कर देश के अन्य राज्यों में रिलीज होगी। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की धमकी के चलते फिल्म डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी बीफॉरयू ने महाराष्ट्र में फिल्म रिलीज नहीं करने का फैसला किया है।
मनसे की सिनेमा विंग का कहना है कि पाकिस्तान में भारतीय फिल्मों का स्वागत नहीं किया जाता इसलिए हमें भी पाकिस्तानी फिल्मों को नहीं चलने देना चाहिए। मनसे की सिनेमा विंग की प्रमुख अमैया खोपकर ने कहा कि हमने बीफॉरयू से महाराष्ट्र में पाकिस्तान की फिल्म को रिलीज ना करने के लिए कहा है।
खोपकर का कहना है कि पाकिस्तान में हमारी फिल्में बैन है और वहां हमारे कलाकारों के साथ अच्छा बर्ताव नहीं किया जाता है। इसीलिए अगर पाक की फिल्म रिलीज की गई तो मनसे इसका जबर्दस्त विरोध करेगा।