गैर फिल्मी गानों को प्राथमिकता देने वाले वायरल ओरिजनल्स की अनूठी पहल 'वायरल कवर स्टार' जल्द ही अपने चौथे सीजन के साथ दस्तक देने वाला है। यह देश भर के महत्वाकांक्षी कलाकारों और इस इंडस्ट्री के संगीत कलाकारों के बीच एक सेतु समान है, जो उन्हें मशहूर कलाकारों के सामने प्रस्तुति देने का मौका देता है। इसके पिछले तीनों सीजन को बेहतरीन एकल 'सजना वे', 'वो बारिशें' और 'खुद से ज्यादा' के लिए कमाल की प्रतिक्रिया मिली थी।
चौथा सीजन होगा इंतजार पर आधारित
'वायरल कवर स्टार' का चौथा सीजन वायरल ओरिजल्स के हिट गाने 'इंतजार' के इर्द-गिर्द घूमेगा। काबिलियत को परखने का दारोमदार म्यूजिक कंपोजर मिथुन, फिल्म निर्देशक मोहित सूरी और गायिका असीस कौर के कंधों पर रहेगा। वे सभी प्रतिभागियों के भेजे गए कवर देखेंगे जिसके बाद वे कुछ प्रतिभागियों का चयन करेंगे। जो उनके सामने लाइफ परफॉर्मेंस देंगे। मेकर्स के अनुसार 'वायरल कवर स्टार' के दरवाजें देश के सभी लोगों के लिए खुले हैं। कोई भी यहां आकर अपनी काबिलियत आजमा सकता है।
मिथुन ने बताया शानदार मौका
कुछ दिनों पूर्व वायरल ओरिजनल्स के गाने इंतजार के जरिए लोगों के दिलों में और भी मजबूती से अपनी जगह चुके मिथुन का कहना है, 'वायरल ओरिजनल्स के साथ काम करने का अच्छा अनुभव रहा है। हमारे देश में जहां काबिलियत की भरमार हैं वहां युवा संगीतकारों को इंडस्ट्री के हम जैसे लोगों से जुड़ने का बहुत कम मौका मिलता है। मुझे लगता है कि यह सभी के लिए एक शानदार मौका है कि वह आगे आए और अवसर के माध्यम से अपनी काबिलियत का लोहा मनवाए।
मोहित सूरी भी उत्साहित
'वायरल कवर स्टार' के बारे में फिल्म निर्देशक मोहित सूरी ने कहा, 'वायरल ओरिजनल्स की तरफ से वायरल कवर स्टार फैंस के लिए बेहतरीन शुरुआत है। इसके जरिए वे अपने पंसदीदा संगीतकार के सामने अपनी कला को पेश कर सकता है। इसे लेकर मैं बहुत ही उत्साहित हूं। मुझे लगता है कि यह मेरे, मिथुन और असीस के लिए काफी चुनौतपूर्ण रहने वाला है।'