हरनाज संधू, शाहरुख खान
- फोटो : सोशल मीडिया
हरनाज संधू ने मीडिया संग बातचीत में बताया कि वह बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान के साथ काम करना चाहती हैं। उन्होंने कहा, ‘अगर मुझे शाहरुख खान के साथ काम करने का मौका मिलता है तो ये मेरे लिए सपना सच होने जैसा हो जाएगा। वो जिस तरह से अपने किरदार में ढल जाते हैं वो काबिल-ए-तारीफ है। वह अपने हर किरदार को जीते हैं। हर कलाकार के लिए ये बहुत जरूरी है कि वह अपने किरदार को समझे और फिर उस पर परफॉर्म करे।’
इसके आगे हरनाज ने कहा, ‘मैं शाहरुख खान से प्यार करती हूं। वह जितनी मेहनत करते हैं अब उनती मेहनत मैं करने वाली हूं। उन्हें देखकर मुझे हमेशा लगता है कि वह जमीन से जुड़े रहते हैं। उन्होंने हमेशा सफलता हासिल की है। वो एक अद्भुत कलाकर के साथ-साथ अद्भुत इंसान भी हैं।'
इसके अलावा हरनाज ने अपने एक इंटरव्यू में बताया कि वह एक सामान्य अभिनेत्री नहीं बनना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि वह एक प्रभावशाली अभिनेत्री बनना चाहती हैं, जो मजबूत किरदार को चुने और रूढ़ियों को तोड़े कि औरतें क्या हैं और वह क्या कर सकती हैं। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने अभिनय से लोगों को प्रेरित करना चाहती हैं। हालांकि, इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल भी किया गया।