हॉलीवुड-बॉलीवुड की बेस्ट एक्जॉटिक मारीगोल्ड होटल, लाइफ ऑफ पाई, पीके और मिर्जिया जैसी फिल्मों के सेट तैयार करने में अहम भूमिका निभाने वाले त्रिलोक नौलखा अब निर्माता के रूप में अपनी फिल्म ला रहे हैं। उनकी पहली फिल्म मेरा क्या कसूर उत्तर भारत में कन्या भ्रूण हत्या की कड़वी सच्चाइयों को सामने लाएगी। नौलखा राजस्थान से हैं और उन्होंने इसी राज्य को कहानी की पृष्ठभूमि में रखा है।
फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर उन्होंने कहा कि कन्या भ्रूण हत्याएं रोकने के लिए सरकार बहुत प्रयास कर रही है मगर आम लोगों को भी इस दिशा में काम करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि फिल्म में हमने इन हत्याओं के कारण दिखाने की कोशिश की है। फिल्म निर्देशन निरंजन भूधधारा ने किया है।
फिल्म के लेखक राहत कुरैशी ने कहा कि उन्होंने टीवी पर काफी पहले आमिर खान को कन्या भ्रूण हत्या के विषय पर बात करते देखा था और उससे यह कहानी लिखने की प्रेरणा मिली। देश भर में फिल्म सितंबर में रिलीज होगी।