घटना कब और कहां हुई?
यह मामला मंगलवार की सुबह करीब 4:50 बजे का है। निमिषा नायर बांद्रा ईस्ट के खेरवाड़ी फ्लाईओवर से कैब में जा रही थीं। तभी दो युवक (जो नशे में लग रहे थे) उनकी गाड़ी के सामने आ गए और रास्ता रोकने की कोशिश करने लगे।
क्या हुआ था?
शुरू में यह विवाद ओवरटेक करने को लेकर हुआ। लेकिन जल्द ही दोनों युवकों ने गुस्सा दिखाया। उन्होंने अपनी स्कूटी सड़क के बीच में खड़ी कर दी। कैब ड्राइवर को गालियां दीं और डराने-धमकाने लगे। निमिषा के अनुसार, उन्होंने गाड़ी के दरवाजे खोलने की कोशिश की और बार-बार खिड़की खोलने को कहा। सुरक्षा के डर से निमिषा और ड्राइवर ने खिड़की नहीं खोली।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
निमिषा ने बताया कि इसी साल कोलाबा में भी उनके साथ ऐसी ही एक घटना हो चुकी है। उस समय उन्होंने पुलिस में एफआईआर भी दर्ज कराई थी। इस नई घटना के बाद उन्होंने शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन व्यस्त शेड्यूल और ऑनलाइन सिस्टम में तकनीकी दिक्कतों के कारण परेशानी हुई।
निमिषा ने दिया अपडेट
निमिषा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर इस घटना के बारे में एक अपडेट जारी किया है। उन्होंने लिखा, 'कल मुझे मुंबई पुलिस से कॉल आया। पहले कंट्रोल रूम से, फिर इंचार्ज अधिकारी की ओर से कॉल आया। उन्होंने मुझसे पूरी जानकारी मांगी ताकि जांच आगे बढ़ सकें। मैंने उन्हें सारी जानकारी और सबूत दे दिए।'
पुलिस ने की ड्राइवर से शिकायत दर्ज की मांग
निमिषा ने आगे लिखा, 'पुलिस चाहती है कि कैब ड्राइवर खुद आकर शिकायत दर्ज करवाए। मैंने उनसे कहा कि आपके पास जो जानकारी है, उसी के आधार पर कम से कम बाइक वालों के खिलाफ कार्रवाई करें। आज सुबह उन्होंने मुझे भरोसा दिया कि वे ऐसा जरूर करेंगे। लेकिन अभी तक किसी कार्रवाई की कोई पक्की खबर नहीं मिली है।'
यह भी पढ़ें: Force 3: 'फोर्स' के तीसरे सीक्वल के लिए वजन बढ़ा रहे हैं हर्षवर्धन राणे, जानिए कितने का है कारगेट