फिल्म 'राजी' इन दिनों लाइमलाइट में है। फिल्म ने अच्छा-खासा पैसा भी कमाया है और क्रिटिक्स ने भी फिल्म की सराहना की है। डायरेक्टर मेघना गुलजार की काफी तारीफ हो रही है। लेकिन जब उनके पापा मशहूर गीतकार गुलजार ने उनके काम को लेकर कुछ कहे, तो मेघना रो पड़ीं। दरअसल 'राजी' की सक्सेस इवेंट चल रहा था। इसमें जब स्टेज हैंडल कर रहे करन जौहर ने पूछा गुलजार साहब आप क्या कहते हैं 'राजी' के बारे में तो गुलजार ने कहा यही वह पीढ़ी है जो सिनेमा को इस प्रतिष्ठा तक लेकर आई है।
जी चाहता है कि इनका हाथ पकड़ लूं और आगे लेकर जाऊं। यह सुनते ही मेघना की आंखों से आंसु झरने लगे तो गुलजार ने उनकी पीठ थपथपाई। बेटी मेघना को प्यार से बोस्की बुलाते हैं। अपनी बेटी के लिए गुलजार ने लिखा था मेरी प्यारी बोस्की को बूंद जैसी ओस की को। जब मीडियाकर्मी ने पूछा कि बोस्की ने आपको सबसे खूबसूरत तोहफा क्या दिया। तो शब्दों और भावनाओं के सिकंदर गुलजार ने कहा कि सबसे खूबसूरत तो वो ही है। बीते दिनों गुलजार ने एक इंटरव्यू दिया था। इसमें उन्होंने कहा था कि जब मेघना उनसे काम करवाती हैं यानी जब गुलजार मेघना की फिल्मों के लिए गीत लिखते हैं तो रिश्ता बाप-बेटी का नहीं होता। बल्कि वहां मेघना उस जहाज की कप्तान हो जाती हैं।