केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ की तरफ से शुरु किया गया फिटनेस चैलेंज अब सोशल मीडिया पर छा गया है। नेता-अभिनेता हों या खिलाड़ी हर कोई एक सुर में बोल रहा है ‘हम फिट तो इंडिया फिट’। एक्टर ऋतिक रोशन के बाद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के चैलेंज को एक्सेप्ट किया है सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने।
अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर लिखा,
हम #HumFitTohIndiaFit #FitnessChallenge की चुनौती स्वीकार करते हैं। मोबाइल से दूर रहें। खुद को भूल जाएं, हर दिन जिम जाएं, प्रलोभन से खुद को दूर करें, सूर्य को अक्सर देखें!
बता दें खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने फिटनेस के प्रति देशवासियों को प्रोत्साहित करने के लिए मंगलवार को ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया था। राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने खेल और बॉलीवुड की कुछ फेमस हस्तियों को टैग करते हुए उनसे भी इस अभियान में शामिल होने की अपील की थी।
सानिया नेहवाल, विराट कोहली, ऋतिक रोशन, मनोज तिवारी जैसी हस्तियां इस चैंलेज को एक्सेप्ट कर चुकी हैं। इससे पहले बॉलीवुड जगत से ऋतिक ने इस चैलेंज को स्वीकार किया था। ऋतिक ने ट्विटर पर वीडियो शेयर किया था जिसमें ऋतिक साइकिल चलाते हुए नजर आ रहे थे।
आपको बता दें कि राठौड़ ने अपना एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। जिसमें वह देश के लोगों से फिटनेस की अपील कर रहे हैं। यह चैलेंज विश्व योग दिवस की तैयारियों के मद्देनजर किया गया है।