विशाल भारद्वाज की फिल्म 'मटरू की बिजली का मनडोला' को वैसी ओपनिंग नहीं मिली है जैसी कि फिल्म रिलीज से पहले इस फिल्म की चर्चा थी। फिल्म को लेकर दर्शकों की अलग-अलग राय है। कुछ इसे अच्छा सिनेमा बताकर पसंद कर रहे हैं तो कुछ के अनुसार यह फिल्म दर्शकों का मनोरंजन नहीं करती। इन दर्शकों के मुताबिक फिल्म के ट्रेलर, फिल्म से ज्यादा बेहतर हैं। 'मटरु की बिजली का मनडोला' का पहले दिन का कलेक्शन लगभग सात करोड़ रहा।
बड़ी स्टारकॉस्ट को देखते हुए इस कलेक्शन को औसत कहा जा सकता है। दूसरे दिन इस फिल्म ने फिर इतनी ही कमाई की। दूसरे दिन शनिवार को इस फिल्म ने एक बार फिर लगभग सात करोड़ रूपए ही कमाए। पहले दो दिनों में इस फिल्म का कलेक्शन 14 करोड़ रहा। भूमि घोटाले पर आधारित इस राजनीतिक व्यंग्य फिल्म के निर्माण में लगभग 33 करोड़ रूपए का खर्च आया है। लागत को देखते हुए माना जा सकता है कि यह फिल्म घाटे पर नहीं रहेगी।
'नायक' ने 2 दिन में 27.56 करोड़ कमाए
तेलुगू अभिनेता रामचरन तेजा की मारधाड़ व रोमांच से भरपूर फिल्म 'नायक' ने दुनियाभर में प्रदर्शन के दो दिनों में ही 27.56 करोड़ रुपये का व्यवसाय कर लिया है। फिल्म नौ जनवरी को प्रदर्शित हुई है। फिल्म ने पहले दिन 10 करोड़ रुपये का व्यवसाय किया। प्रदर्शन के पहले दो दिनों में कुल 27.56 करोड़ रुपये का व्यवसाय हुआ है। वी.वी. विनायक के निर्देशन में बनी इस फिल्म में काजल अग्रवाल और अमाला पॉल ने भी अभिनय किया है। अन्य कलाकारों में ब्रह्मानंदम, जयप्रकाश रेड्डी, एम.एस. नारायण, आशीष विद्यार्थी व राहुल देव शामिल हैं। फिल्म विदेशों में भी अच्छा व्यवसाय कर रही है।