सांस में तकलीफ और किडनी की शिकायत के चलते मशहूर गायक मन्ना डे को एकबार फिर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
नारायण ह्रदयालय के प्रवक्ता वासुकि ने बताया कि मन्ना डे को पिछले हफ्ते ही यहां भर्ती कराया गया था। मई के बाद से यह दूसरी बार है, जब उन्हें इसी समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। उनकी डायलिसिस की जा रही है।
कोलकाता में जन्मे और दादा साहेब फाल्के अवार्ड से सम्मानित डे मुंबई में 50 साल गुजारने के बाद मौजूदा समय में बंगलूरू में ही रह रहे हैं।
1943 में आई फिल्म ‘तमन्ना’ से वह प्लेबैक सिंगर बने। उन्होंने हिंदी, बंगाली, गुजराती, मराठी, मलयालम, कन्नड़ और असमिया फिल्मों में तकरीबन 3500 गाने गाए।
पूछो न कैसे, अए मेरी जोहराजबी, लागा चुनरी में दाग और प्यार हुआ इकरार हुआ उनके कुछ चर्चित गाने हैं।