मलयालम सिनेमा की सबसे बड़े बजट वाली फिल्म मामंगम का मूल भाषा में टीजर रिलीज करने के बाद इसके निर्माता अब इसका हिंदी टीजर रिलीज करने जा रहे हैं। फिल्म मामंगम की कहानी केरल के इतिहास की एक अनोखी कहानी है जिसमें मलायलम सिनेमा के सुपरस्टार ममूटी दुनिया की सबसे पुरानी मार्शल आर्ट कलारी का प्रदर्शन करते दिखेंगे। पंजाबी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री प्राची तहलन फिल्म में लीड किरदार कर रही हैं।
फिल्म मामंगम में अपने किरदार के बारे में खुलासा करते हुए ममूटी कहते हैं, “यह फिल्म इतिहास के एक ऐसे किरदार के बारे में है जिसका जिक्र बहुत कम मिलता है। इस किरदार के तमाम सारे सिरे इतिहास में बिखरे मिले हैं और फिल्म की रिसर्च टीम ने इस सारे सूत्रों को जोड़कर ये किरदार तैयार किया है। फिल्म मामंगम भारतीय इतिहास की ऐसी कहानी है जिसे आज के हर युवा को जानना जरूरी है। सिनेमा में भारतीय कहानियों को कहने का यह सबसे सही समय है। सिनेमा की नई तकनीक का हमने इस फिल्म में सहारा लिया है और मुझे उम्मीद है कि ये फिल्म देश के हर हिस्से के लोगों को पसंद आएगी।”
मूल रूप से मलयालम में बनी इस फिल्म को दूसरी भारतीय भाषाओं में रिलीज करने की तैयारी चल रही है। इसका हिंदी टीचर शुक्रवार को रिलीज किया जाएगा। फिल्म से बड़े परदे पर अपनी नई बोहनी करने जा रहीं अभिनेत्री प्राची तहलन भी अपनी फिल्म को लेकर काफी उत्साहित हैं। वह कहती हैं, “मुझे अब भी वह दिन याद है जब मुझे फिल्म की शूटिंग का बुलावा आया था। सिर्फ दो दिन के नोटिस में मुझे फिल्म की शूटिंग शुरू करनी थी और सेट पर पहुंचते ही मुझे बताया गया कि फिल्म में मेरा पहला सीन फाइट सीक्वेंस है।
मैं राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी रही हूं तो लोगों को भरोसा था कि मैं इसे आसानी से कर लूंगा। मैंने तीन दिन लगातार रात में इस सीन की शूटिंग की। इस दौरान मुझे चोट लगी और मेरा काफी खून भी बहा। लेकिन, मैं अगले ही दिन फिर से अपनी शूटिंग करने पहुंच गई। लोगों ने मुझसे कहा कि शूटिंग के दौरान खून बहना केरल में काफी शुभ माना जाता है। चोट का ये निशान हमेशा मेरे साथ रहेगा, मैंने इस निशान को मामंगम स्कार नाम दिया है।”