साउथ फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखभरी खबर सामने आई है। दिग्गज मलयालम प्रोड्यूसर और लेखक जॉन पॉल ने इस दुनिया को हमेशा-हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है। जॉन पॉल ने अपनी अंतिम सांस आज दोपहर 1 बजे केरल के एक अस्पताल में ली। इस अस्पताल में बीते काफी समय से उनका इलाज चल रहा था लेकिन आज दोपहर अचानक ही उनके निधन की खबर ने हर किसी को हैरानी में डाल दिया। जानकारी की मुताबिक, जॉन पॉल इस अस्पताल में बीते दो महीने से भर्ती थे लेकिन शुक्रवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद आज उन्होंने सबको अलविदा कह दिया।
हाल ही में जॉन पॉल के इलाज के लिए उनके दोस्तों और शुभचिंतकों ने पैसा जुटाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया था। इस मौके पर केरल सरकार ने भी आगे आकर 2 लाख रुपये की मदद की थी। वहीं, अब उनके निधन के बाद फिल्मी जगत के लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। मलयालम एक्टर कुंचाको बोबन ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर जॉन पॉल को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने लिखा, 'उन्होंने बहुत सारी आत्मा को छू लेने वाली फिल्मों का निर्माण किया। वह सभी के दिलों में जिंदा रहेंगे।'
जॉन पॉल के करियर की बात करें तो उन्होंने अपने जीवन काल में 100 से ज्यादा फिल्में लिखी हैं, जिसमें कई सुपरहिट भी साबित हुईं। उन्हें नाम चमाराम, यात्रा और विदा परयूम मुनबे जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। इतना ही नहीं, उन्होंने भारतन, सत्यन एंथिक्कड़ और जोशी जैसे शानदार निर्देशकों के साथ काम भी किया था। इसके अलावा, जॉन पॉल ने कई किताबें भी लिखी हैं। इन सबके बीच, उन्होंने कई फिल्मों में शानदार अभिनय करके दर्शकों का दिल भी जीता है।