मलायली एक्ट्रेस के अपहरण मामले में गिरफ्तार आरोपी अभिनेता दिलीप के मैनेजर अप्पुन्नी ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। दिलीप की गिरफ्तारी के बाद से अप्पुन्नी फरार था।
10 जुलाई से पुलिस अप्पुन्नी को तलाश रही थी। पुलिस को पूरा शक है कि इस केस से उसके भी तार जुड़े हो सकते हैं। अप्पुन्नी ने सोमवार सुबह 10:45 बजे सरेंडर किया। गुरुवार को केरल हाई कोर्ट ने अप्पुन्नी की अग्रिम जमानत याचिका खारिज करते हुए सरेंडर करने को कहा था।
Malayalam actress assault, abduction case: Manager of actor Dileep surrendered before police, HC had rejected his anticipatory bail
— ANI (@ANI_news) July 31, 2017
क्या है पूरा मामला-
दिलीप को पुलिस ने इस अपहरण केस का मास्टरमाइंड मानते हुए 10 जुलाई को गिरफ्तार किया था। दिलीप ने 17 फरवरी को कोच्चि जाते वक्त एक्ट्रेस का न केवल अपहरण करवाया था बल्कि उसकी तस्वीरें खींचने और अश्लील वीडियो बनाने को भी कहा था। पुलिस के सूत्रों के अनुसार दिलीप ने ये साजिश साल 2013 में ही रच ली थी। इसके लिए उन्होंने एक शख्स को डेढ़ करोड़ रुपये भी दिए थे।
खबरों के अनुसार मामले में गिरफ्तार एक्ट्रेस का ड्राइवर पुल्सर सुनी ने पुलिस को बताया है कि दिलीप ने कई एंगल से अभिनेत्री का वीडियो बनाने को कहा था। इस मामले में कुल छह लोग गिरफ्तार किए गए हैं। दिलीप को असोसिएशन ऑफ मलयालम मूवी आर्टिस्ट्स यानि कि अमा (AMMA) ने न केवल प्राथमिक सदस्यता से हटा दिया है बल्कि कोषाध्यक्ष के पद से भी निष्कासित कर दिया है।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक्ट्रेस दिलीप की तब पत्नी रहीं मंजू वारियर के काफी करीब थीं। दिलीप का साल 2015 में मंजू से तलाक हो गया था जिसके बाद उन्होंने एक्ट्रेस काव्या माधवन से शादी कर ली थी। दिलीप को लगता है उनके और मंजू के अलगाव में एक्ट्रेस का हाथ रहा है।