दक्षिण भारतीय अभिनेत्री को अगवा करने और उत्पीड़न के मामले में गिरफ्तार किये गए साउथ फिल्मों के स्टार दिलीप मलयालम, फिलहाल अलुवा सब जेल में बंद है लेकिन दिलीप की मां सरोजम पिल्लई ने इस मामले में केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने अपने बेटे को निर्दोष बताया है। उन्होंने कहा है मेरा बेटा 'ऐसे अपराध' करने में सक्षम नहीं है।
उन्होंने इस मामले में सरकार से हस्तक्षेप करने और मामले को अपने हाथ में लेने का आग्रह किया है।
वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी अभिनेता की मां से पत्र प्राप्त होने की पुष्टि की है और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे डीजीपी लोकनाथ बेहरा को भेज दिया गया है।
पढें- साउथ के स्टार दिलीप की कस्टडी बढ़ी, 22 अगस्त तक रहना पड़ेगा जेल में
क्या है पूरा मामला-
दिलीप पर 17 फरवरी को कोच्चि जाते वक्त एक्ट्रेस को अपहरण करवाने और उसकी तस्वीरें खींचने एवं अश्लील वीडियो बनाने का केस चल रहा है। पुलिस के सूत्रों के अनुसार दिलीप ने ये साजिश साल 2013 में ही रची थी। इसके लिए उन्होंने एक शख्स को डेढ़ करोड़ रुपये भी दिए थे।
खबरों के अनुसार मामले में गिरफ्तार एक्ट्रेस का ड्राइवर पुल्सर सुनी ने पुलिस को बताया है कि दिलीप ने कई एंगल से अभिनेत्री का वीडियो बनाने को कहा था। इस मामले में पुल्सर सुनी और दिलीप के मैनेजर समेत कुल छह लोग गिरफ्तार किए गए हैं। दिलीप को असोसिएशन ऑफ मलयालम मूवी आर्टिस्ट्स यानि कि अमा (AMMA) ने न केवल प्राथमिक सदस्यता से हटा दिया है बल्कि कोषाध्यक्ष के पद से भी निष्कासित कर दिया है।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक्ट्रेस दिलीप की तब पत्नी रहीं मंजू वारियर के काफी करीब थीं। दिलीप का साल 2015 में मंजू से तलाक हो गया था जिसके बाद उन्होंने एक्ट्रेस काव्या माधवन से शादी कर ली थी। दिलीप को लगता है उनके और मंजू के अलगाव में एक्ट्रेस का हाथ रहा है।
वहीं दिलीप के वकील राजकुमार का कहना था कि उन्हें इस मामले में फंसाने के बाद गिरफ्तार किया गया है।