शाहरुख खान की फिल्म 'जीरो' पिछले दो दिन से विवादों से घिरी हुई है। पिछले दिनों दिल्ली अकाली दल के विधायक मंजिंदर सिंह सिरसा ने शाहरुख खान और अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी विधायक ने फिल्म जीरो पर सिखों की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया था।
अब इस मामले में जीरो फिल्म के मेकर्स का जवाब सामने आया है। मेकर्स का कहना है कि हमारा इरादा किसी की धार्मिक भावनाओं को आहत करना नहीं है। जीरो के निर्माताओं ने एक बयान जारी कर बताया है कि फिल्म में किसी भी दृश्य/ छवि में कृपाण को नहीं दर्शाया गया है। बता दें कि फिल्म जीरो को आनंद एल राय और शाहरुख खान की पत्नी गौरी खान ने मिलकर प्रोड्यूस किया है।
बता दें अकाली दल के अलावा मुंबई कांग्रेस के उपाध्यक्ष ने भी फिल्म के कंटेंट पर आपत्ति जताई है। कांग्रेस नेता चरण सिंह सपरा ने मुंबई पुलिस में शाहरुख खान की फिल्म जीरो के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। फिल्म जीरो में शाहरुख खान को कृपाण लिए दिखाया गया है। सापरा का कहना है कि इससे सिख समाज की भावनाएं आहत होती हैं। इसे हटाया जाना चाहिए।
विवाद की वजह
बता दें सिख समुदाय का कहना है कि फिल्म के पोस्टर में शाहरुख नंगे बदन पर नोटों की माला पहने और कृपाण पहने दिखाई दे रहे हैं, जो सिखों के पवित्र पांच ककारों में से एक है। इसे मजाकिया ढंग में दिखाया गया है।