रजनीकांत की आने वाली फिल्म पर विवाद होना शुरू हो गया है। खबरें आ रही थी कि रजनीकांत अपनी आने वाली फिल्म में मुंबई के स्मगलर हाजी मस्तान का रोल निभाते दिखेंगे। इस बारे में फिल्म के मेकर्स ने सभी बातें साफ करते हुए कहा है कि फिल्म का हाजी मस्तान की जिंदगी से कोई लेना-देना नहीं है।
दरअसल हाल ही में खुद को हाजी मस्तान के गोद लिए हुए बेटे बताने वाले सुंदर शेखर मिश्रा ने रजनीकांत को कानूनी नोटिस भेजा था। उन्होंने नोटिस में कहा था कि उनके पिता को एक स्मगलर और डॉन की तरह न दिखाया जाए। वो तमिलनाडु के एक बिजनेसमैन थे जिन्होंने 'भारतीय अल्पसंख्यक सुरक्षा महासंघ' की स्थापना की थी। इसी नोटिस के जवाब में फिल्म के मेकर्स ने एक स्टेटमेंट जारी किया है।
स्टेटमेंट में कहा गया है कि फिल्म न ही हाजी मस्तान की जिंदगी पर आधारित है और न ही कोई बायोपिक है। इसकी कहानी बस मुंबई में आधारित है। इस फिल्म को पा रंजीत डायरेक्टर कर रहे हैं जो इससे पहले रजनीकांत को 'काबिल' में डायरेक्ट कर चुके हैं। फिल्म को रजनीकांत के दामाद धनुष प्रोड्यूसर कर रहे हैं। इस फिल्म से पहले रजनीकांत दीवाली पर एस शंकर की '2.0' में दिखेंगे। ये 2010 में आई 'रोबोट' फिल्म का सीक्वल है। बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार ने रजनीकांत के साथ इसमें मुख्य भूमिका निभाई है।