फिल्म 'जंगली' में विद्युत जामवाल को कलारीपयट्टू सिखाने वाले जाने माने कलाकार मकरंद देशपांडे अब अपने नए किरदार के लिए पूर्ण रूप से तैयार हो चुके हैं। जल्द ही वह एक ढोंगी बाबा के अवतार में फिल्म 'सड़क 2' में नजर आने वाले हैं। मकरंद के लिए 'सड़क 2' इसलिए भी खास है क्योंकि महेश भट्ट दो दशक बाद इस फिल्म से वापस निर्देशक बनने वाले हैं।
इस बाबा के किरदार की बात चलने पर मकरंद का चेहरा चमक जाता है। वह कहते हैं, ‘मैं इस फिल्म में एक गॉडमैन की भूमिका निभा रहा हूं। मुझे तो मुकेश भट्ट हमेशा कहते थे कि तू हमारा लकी मैस्कॉट है। फिर पता नहीं बीच में क्या हो गया। पर महेश भट्ट साहब को देखकर ऐसा लगता है कि कुछ लोग हैं जिनसे एक बार आप मिल लो तो फिर वह आपकी ज़िंदगी से हटते नहीं है। थियेटर में लोग हमेशा कहते हैं किरदार जाता ही है वापस आने के लिए। वैसे ही मुझे लगता है कि भट्ट साहब एक ऐसे शख्स हैं जो आपके जीवन से बाहर जा ही नहीं सकते। फिल्म में मेरा किरदार बेहद रोमांचक है। ये ऐसा किरदार है जिसकी तलाश हर कलाकार को हमेशा रहती है।’
निर्देशक की कुर्सी पर लौट रहे महेश भट्ट इस फिल्म में अपनी छोटी बेटी आलिया को निर्देशित करेंगे। आलिया का जिक्र करने पर मकरंद कहते हैं, ‘मुझे नहीं लगता कि मेरे पास किसी भी एक्टर के बारे में बोलने का अधिकार है। पर इतना ज़रूर कहूंगा कि आलिया के पास वह प्रतिभा है जिससे वह आराम से दर्शकों को एक जगह रोक सकती हैं। फिर चाहे परदे पर वह शांत हो,कुछ कह रही हो या डांस कर रही हों। मेरे हिसाब से वह एक उम्दा कलाकार हैं जो खुद को विकसित करने में भी विश्वास रखती है।’