शाहरुख खान की आने वाली फिल्म 'रईस' से बॉलीवुड में एंट्री करने जा रहीं पाकिस्तानी अभिनेत्री माहिरा खान ने नवाजुद्दीन सिद्दिकी के साथ हाल में एक लव-मेकिंग सीन करने से इंकार कर दिया। फिल्म में शहरुख के साथ नवाज और माहिरा खाम मुख्य भूमिकाओं में हैं।
फिल्म में नवाज नेगेटिव शेड्स वाले रोल में हैं। सूत्रों के अनुसार फिल्म में माहिरा ऐसी लड़की बनी हैं, जिसकी मजबूरी का फायदा उठा कर नवाज उसे अपने पास रखे हुए हैं, परंतु रईस (शाहरुख खान) को देखने के बाद यह लड़की उस पर फिदा हो जाती है।
सूत्र बताते हैं कि कुछ मजबूरियों के चलते माहिरा नवाज से संबंध रखे रहती हैं लेकिन उनके साथ खुश नहीं है। बताया जा रहा है कि निर्देशक ने स्क्रिप्ट में नवाज और माहिरा के रिश्ते को बताने के लिए एक लव-मेकिंग सीन रखा था, जिसमें नवाज इस लड़की के साथ जोर-जबर्दस्ती करते हैं।
जब माहिरा को इस सीन के बारे पता चला तो उन्होंने इसे करने से साफ इंकार कर दिया। कहा जा रहा है कि उन्होंने पाकिस्तान में ऐसे सीन को लेकर होने वाले विरोध की आशंका के चलते मना किया है। जब माहिरा ने अपनी मजबूरी निर्देशक को बताई तो वह समझ गए। उन्होंने यह सीन फिल्म से हटा दिया।