शाहरुख खान की फिल्म रईस 25 जनवरी को रिलीज होने जा रही है। वहीं शाहरुख खान की फिल्म रईस में अहम किरदार निभा रही पाकिस्तानी अदाकारा माहिरा खान का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
महिरा का ये वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में शेयर किया गया है। इस वीडियो में माहिरा 'बीमार भारत' का जिक्र कर रही हैं।
माहिरा वीडियो क्लिप में पाकिस्तानी कॉमेडियन उमर शरीफ के साथ एक चैट शो में शामिल हुई हैं।
'आपको इंडिया से प्रभावित नहीं होना चाहिए'
इस वीडियो में महिरा कह रही हैं कि 'आपको इंडिया से प्रभावित नहीं होना चाहिए, बिल्कुल नहीं। हम बॉलीवुड नहीं हैं। चैट शो में दोनों ही पाकिस्तानी कलाकार, पाकिस्तान और पाकिस्तानियत को मजबूत करने की बात कर रहे हैं।
उमर शरीफ भी इस वीडियो में चुटकी लेते हुए कहते हैं कि बॉलीवुड हॉलीवुड तक जाने का टिकट है। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली ये क्लिप पांच साल पहले रिकॉर्ड की गई थी।
रईस फिल्म की रिलीज से ऐन पहले सोशल मीडिया पर ये क्लिप चर्चा की वजह बन गई है।
माहिरा पर विवाद को लेकर राज ठाकरे से मिले थे शाहरुख
ये वीडियो क्लिप उस वक्त सामने आई थी जब बॉलीवुड के 'किंग खान' शाहरुख, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे से मिले थे। शाहरुख ने मनसे प्रमुख से वादा किया था कि पाकिस्तानी कलाकार माहिरा उनकी फिल्म का प्रचार नहीं करेंगी।
आपको बता दें कि मनसे पाकिस्तानी कलाकारों के भारत में काम करने का विरोध कर रही थी। करण जौहर की फिल्म 'ऐ दिल है मुश्किल' फिल्म पाकिस्तानी कलाकार फवाद खान की वजह से विवादों में आ गई थी।
भारत में हुए उड़ी हमले को लेकर मनसे ने मांग की थी जितने भी पाकिस्तानी कलाकार भारत में काम कर रहे हैं वो मुल्क छोड़कर पाकिस्तान चले जाएं।