महेश मांजरेकर और दीप्ति नवल मैक्स प्लेयर की वेब सीरीज 'पवन एंड पूजा' में नजर आने वाले हैं। यह रिलेशनशिप ड्रामा सीरीज इस वैलेंनटाइन डे के मौके पर दस्तक देगी। इस शो में तीन अलग-अलग पीढ़ियों की जोड़ियों की कहानी दिखाई जाएगी। इन तीनों ही जोड़ियों का नाम पवन और पूजा होता है। इन्हीं में से एक जोड़ी का किरदार महेश मांजरेकर और दीप्ति नवल अदा कर रहे हैं।
इस वेब सीरीज को लेकर महेश बहुत ही उत्साहित हैं। उन्होंने बेहद ही रोचक ढंग से अपने किरदार पवन की शख्सियत के बारे में विस्तार से बात की। उन्होंने कहा, ' शो में मेरा नाम पवन कालरा है और मैंने अपने जीवन के प्यार पूजा (दीप्ति नवल) से शादी की है। हमारी शादी को अब 40 वर्ष से भी अधिक का समय हो गया है। इतने सालों से वह मेरी सबसे बड़ी ताकत हैं। उसने मुझे मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा उपहार हमारा बेटा दिया है। हमारे रिश्ते की नींव विश्वास और आपसी सम्मान है। इसके साथ ही मैं यह जरूर बता दूं कि मैं एक अच्छा पिता भी हूं। मैंने हमेशा अपने बेटे की दोस्त बनने की कोशिश की है। मेरी यह कोशिश रहती है कि मैं अपने बेटे संग इतना सहज हो जाऊं की वह मुझसे अपनी प्रत्येक बात साझा कर सके।'
उन्होंने आगे बताया, 'हमारी पीढ़ी हमेशा भविष्य के लिए बचत करने में विश्वास रखती है। हमारी जिंदगी में अगर कुछ बहुत जरूरी नहीं है तो वह हमारे लिए फालतू का खर्चा है। हालांकि अब मैंने यह सोच लिया है कि अब यह सब बदलना है। मैं इस जीवन में अपने सपनों को पूरा करना चाहता हूं, ताकि मेरे मरने पर कोई पछतावा न हो। इसके लिए मैं एक 'पछतावा सूची' बनाने जा रहा हूं। इसमें मैं ऐसे अरमान और काम लिखूंगा जिसे मैं और पूजा इस जिंदगी में पूरा करना चाहते हैं। मुझे यह भी लगता है कि यह मेरे अतीत को भी कुछ हद तक जरूर कचोटेगा लेकिन उसके लिए मैं तैयार हूं।. '
इस वेब सीरीज का निर्देशन सिद्धार्थ पी मल्होत्रा कर रहे हैं। उन्हें फिल्म 'हिचकी' के निर्देशन के लिए जाना जाता है। शो के बारे में बात करते हुए वह पहले ही बता चुके हैं कि वह किसी भी नई चीज पर प्रयोग करने के लिए हमेशा ही उत्साहित रहते हैं। उन्हें लगता है कि दर्शकों के मनमुताबिक चीज देने की प्रक्रिया में हमेशा कुछ नया सीखने को मिलता है। उनके अनुसार इस शो के माध्यम से वह यह दिखाना चाहते हैं कि आखिर उम्र के बढ़ने के साथ-साथ प्यार में किस तरह का बदलाव आता है। यह शो वैलेंटाइन डे के मौके पर दस्तक देगा।