म्यूजिकल फिल्मों के लिए मशहूर रही फिल्म प्रोडक्शन कंपनी 'विशेष फिल्म्स' को भी अब रीमिक्स और रीक्रिएशन का रोग लग गया है। विशेष फिल्म्स के कर्ता धर्ता महेश भट्ट और मुकेश भट्ट दोनों को संगीत का गुणी फिल्ममेकर माना जाता है और इनकी फिल्मों के तकरीबन सभी गाने 80 और 90 के दशक में सुपहिट हुए हैं।
लेकिन, जमाना बदल गया है। नया कुछ ढंग का बन नहीं रहा तो बतौर निर्देशक अपनी ही फिल्म सड़क का सीक्वेल बनाने जा रहे महेश भट्ट 'सड़क 2' में एक पुराना गाना डालने जा रहे हैं।
सूत्र बताते हैं कि दोनों भट्ट भाई फिल्म 'सड़क 2' को भी पहली फिल्म जैसी म्यूजिकल बनाने के लिए दिन रात बैठकें कर रहे हैं, लेकिन उनके बजट में इन दिनों के नामी गीतकार और संगीतकार काम करने को राजी नहीं हैं। लिहाजा फैसला ये हुआ है कि 'सड़क 2' में 'सड़क' के सुपरहिट गाने, 'तुम्हें अपना बनाने की कसम खाई है', से फिल्म के गीत संगीत की शुरूआत होगी। इसके बाद जैसे जैसै मामला जमता जाएगा, दूसरे गीत इस फिल्म में आते रहेंगे।