साउथ के सुपरस्टार एक्टर विजय चंद्रशेखर की फिल्म 'सरकार' इन दिनों विरोध का सामना कर रही है। दिवाली के मौके पर रिलीज हुई इस फिल्म पर एआईएडीएमके के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि फिल्म में पूर्व सीएम दिवंगत जे जयललिता और उनकी योजनाओं को गलत तरीके से दिखाया गया है।
एआईएडीएमके के मंत्रियों ने फिल्म के विवादित दृश्यों को हटाने की मांग की थी और ऐसा नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई शुरू करने की धमकी दी थी। इसके बाद फिल्म 'सरकार' के निर्माता आपत्तिजनक दृश्यों को हटाने और दिवंगत जयललिता के संदर्भों को म्यूट करने पर राजी हो गये हैं।
वहीं फिल्म के निर्देशक ए आर मुरुगदास की गिरफ्तारी पर भी अदालत ने 27 नवंबर तक रोक लगा दी है। मद्रास हाईकोर्ट ने चेन्नई सिटी पुलिस को आदेश दिया है कि वह ए आर मुरुगदास को 27 नवंबर तक गिरफ्तार न करें।
sarkar
- फोटो : screengrab from trailer
गौरतलब है कि फिल्म का विरोध होने और धमकी मिलने से गिरफ्तारी के लिए आशंकित मुरुगदास ने अदालत का दरवाजा खटखटाया था और अग्रिम जमानत के लिए हाईकोर्ट में अपील की थी। हाईकोर्ट में दायर की गई याचिका में मुरुगदास ने कहा था कि उन्होंने किसी को दुखी करने के मकसद से फिल्म नहीं बनाई थी।
बात करें फिल्म के कलेक्शन की तो फिल्म ने 2 दिन में ही 100 करोड़ का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है।सरकार ने साल की सबसे बड़ी फिल्म संजू के कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया। बता दें संजू ने ओपनिंग डे पर 34 करोड़ 75 लाख की कमाई की थी वहीं सरकार को 47 करोड़ 85 लाख रुपये का ग्रॉस कलेक्शन मिला है।
ए आर मुरुगदास के निर्देशन में बनी इस फिल्म को पूरी दुनिया में 3400 स्क्रीन्स में रिलीज किया गया है। फिल्म की कहानी एक NRI बिजनेसमैन की कहानी है जो खुद चुनाव लड़कर मुख्यमंत्री बनना चाहता है। फिल्म में विजय लीड रोल में हैं और उनके साथ वरलक्ष्मी, कीर्ति सुरेश और राधा रवि का भी अहम रोल है। इस फिल्म का निर्माण कलानिधि मारन की कंपनी सन टीवी नेटवर्क ने किया है।