काफी समय से कमल हासन की फिल्म 'विश्वरूपम' के रिलीज होने का विरोध चल रहा था। लेकिन अब फैसला कमल हासन के हक में आ गया है।
मद्रास हाई कोर्ट ने अभिनेता और निर्देशक कमल हासन की फिल्म 'विश्वरूपम' पर फैसला सुनाते हुए इस फिल्म को बेंगलूर के तकरीबन 12 सिनेमाघरों में चलाने की इजाजत दी है।
इतना ही नहीं, मद्रास हाई कोर्ट ने कमल हासन को सुझाव दिया है कि वे सरकार के साथ मिलकर इस मसले का शांतिपूर्ण समाधान निकालने का प्रयास करें।
हाई कोर्ट के मुताबिक, ये पूरा मामला देश की एकता से जुड़ा है। ऐसे में इस मामले पर संजीदगी से विचार करने की जरूरत है।
गौरतलब है कि 'विश्वरूपम' के प्रदर्शन पर तमिलनाडु सरकार ने मुस्लिम संगठनों के विरोध के चलते 28 जनवरी तक के लिए रोक लगा दी थी। ये प्रतिबंध कुछ मुस्लिम संगठनों द्वारा फिल्म में मुस्लिम समुदाय को नकारात्मक तरीके से पेश करने की शिकायत के बाद लगाया गया था, जिसके चलते कमल हासन ने इस प्रतिबंध के खिलाफ याचिका दायर की थी।
आखिरकार कई विवादों और भारी नुकसान के बाद 'विश्वरूपम' को दर्शक जल्द ही सिनेमाघरों में देख पाएंगे।