एक जमाने में एक दूसरे के लिए चुनौती रही माधुरी दीक्षित और जुही चावला फिल्म 'गुलाब गैंग' में एक साथ नजर आनेवाली हैं। 90 के दशक की यह दोनों नायिकाएं आपस में कड़ी प्रतिस्पर्धा रखती थी। अब दर्शक इन दोनों को ही एक ही फिल्म में देखेंगे। यह पहली बार होगा जब यह दोनों नायिका किसी फिल्म में एक साथ होंगी।
'रॉवन' फिल्म बनाने वाले अनुभव सिन्हा इन दोनों अपनी फिल्म में साथ-साथ लेकर आ रहे हैं। फिल्म का नाम 'गुलाब गैंग' होगा। इस खबर की पुष्टि करते हुए अनुभव सिन्हा कहते हैं कि हां गुलाब गैंग में 90 के दशक की दो बड़ी अभिनेत्रियां होंगी। हालिया फिल्म 'सन ऑफ सरदार' में कॉमेडी रोल में नजर आ चुकी जुही इस फिल्म में सीरियस किरदार को निभाएंगी।
अनुभव बताते हैं कि जुही को कास्ट करने की एक वजह यह भी है कि माधुरी और वो पहली बार स्क्रीन शेयर करेंगी। जो दर्शकों के लिए ही नहीं बल्कि फिल्म इंडस्ट्री के लिए भी एक नया अनुभव होगा। गुलाब गैंग, बुंदेलखंड और उत्तरप्रदेश में संपत पाल द्वारा औरतों की रक्षा हेतु महिला मोर्चा है। इस फिल्म का निर्देशन शौमिक सेन कर रहे हैं।
यह फिल्म दिसंबर के मध्य में शूटिंग के फ्लोर पर जाएंगी। फिल्म का पहला शेडय़ूल मुबंई में ही फिल्माया जाएगा। गौरतलब है कि अमेरिका से मुंबई सेटल हो जाने के बाद यह माधुरी की पहली फिल्म होगी। इस फिल्म के अलावा माधुरी के पास विशाल भारद्वाज की 'डेढ इश्किया' भी है।