अपने किरदार के बारे में आहाना कुमरा ने कहा, 'जब वह औरत अपने घर में ही कैद हो जाती है तो उसे कहीं यात्रा करने नहीं मिलता। इस दौरान उसे समझ आता है कि असल में जीवन में रिश्तों की क्या अहमियत है? वह लॉकडाउन भर अकेलापन महसूस करती है और उसके आसपास उसके खालीपन को दूर करने के लिए कोई नहीं होता। मेरे लिए यह एक बेहद रुचिकर फिल्म है।' फिल्म 'इंडिया लॉकडाउन' का निर्देशन मधुर भंडारकर ने संभाला है और फिल्म के निर्माण को भी वही अंजाम दे रहे हैं।
मधुर भंडारकर ने अपने फिल्मी करियर में 'चांदनी बार', 'पेज 3', 'सत्ता', 'फैशन', 'कॉर्पोरेट', 'हीरोइन' जैसी महिला प्रधान फिल्में बनाई हैं। और इन फिल्मों के जरिए उन्होंने ज्यादातर फिल्म इंडस्ट्री की सच्चाई को ही उजागर किया है। आहाना कुमरा मधुर भंडारकर की फिल्म शैली से बहुत प्रभावित हैं। उन्होंने कहा, 'मैं हमेशा से मधुर भंडारकर और उनके काम की प्रशंसा करती हूं। फिल्म 'इंडिया लॉकडाउन' के लिए मैं अपने हिस्से की शूटिंग मुंबई के ही एक घर में करूंगी। मुझे अंदाजा है कि सब कुछ बहुत अच्छा होने वाला है।'
'इंडिया लॉकडाउन' फिल्म की शूटिंग मधुर भंडारकर मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में ही करेंगे। फिल्म के बारे में मधुर ने एक इंटरव्यू में बताया, 'यह फिल्म सच्ची घटना पर आधारित है। इसकी कहानी लॉकडाउन के शुरुआती दो महीने यानी मार्च-अप्रैल की कहानी दिखाएगी। फिल्म में बताया जाएगा कि लॉकडाउन के शुरुआती दौर में प्रवासी मजदूरों, सेक्स वर्करों, व्यापारियों और घर में बैठकर अकेलापन महसूस कर रहे लोगों की जिंदगियां कैसी हो गई थीं? सब लोग घरों में बैठे हुए थे और शुरुआती दिनों में तो किसी को पता भी नहीं था कि आखिर करें तो करें क्या? हम लोग ऐसी जिंदगी के कभी आदी रहे ही नहीं।'