बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन के घर खुशियों ने दस्तक दी है। उनकी छोटी बहन और अभिनेत्री नूपुर सेनन ने अपनी निजी जिंदगी की नई शुरुआत करते हुए मशहूर सिंगर स्टेबिन बेन के साथ सगाई कर ली है। इस खास मौके पर जहां नूपुर और स्टेबिन की जोड़ी सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गई, वहीं कृति सेनन की भावुक प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर सामने आई।
कृति सेनन ने बहन की सगाई पर दी प्रतिक्रिया
कृति सेनन ने बहन नूपुर की सगाई के मौके पर अपनी भावनाएं खुलकर जाहिर कीं। उन्होंने नूपुर की पोस्ट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा करते हुए लिखा कि वह इस खुशी के पल में बेहद भावुक हो गई हैं। उन्होंने बहन और स्टेबिन की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- 'मुझे बहुत रोना आ रहा है।' बहन के जीवन के इस नए अध्याय को देखकर कृति का इमोशनल होना लाजमी है।
नूपुर सेनन ने स्टेबिन संग की सगाई
बता दें नूपुर सेनन ने अपनी सगाई की जानकारी बेहद रोमांटिक अंदाज में साझा की। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में स्टेबिन बेन घुटनों के बल बैठकर नूपुर को प्रपोज करते नजर आए। चारों तरफ पानी से घिरी झील के बीच स्टेबिन और नूपुर का ये प्यारा सा पल देखने को मिला।
यह खबर भी पढ़ें: Shahrukh Khan: केकेआर में बांग्लादेशी खिलाड़ी की एंट्री पर घिरे शाहरुख, राजनीतिक-धार्मिक हस्तियों ने बोला हमला
इस खूबसूरत पल की सबसे खास बात यह रही कि सगाई के तुरंत बाद नूपुर और स्टेबिन ने अपने माता-पिता के साथ वीडियो कॉल पर यह खुशी साझा की। परिवार की खुशी और भावनाएं तस्वीरों में साफ झलक रही थीं। इसी दौरान एक तस्वीर में एक महिला नूपुर और स्टेबिन को गले लगाती दिखीं, जिन्हें लेकर कयास लगाए गए कि वह कृति सेनन ही थीं, जो अपनी बहन की खुशी में खुद को रोक नहीं पाईं।
जल्द शादी के बंधन में बंधेगा कपल
नूपुर सेनन और स्टेबिन बेन के रिश्ते को लेकर पिछले कुछ समय से चर्चाएं चल रही थीं। दोनों को कई बार साथ देखा गया था- चाहे वह पारिवारिक कार्यक्रम हों या खास मौके। हाल ही में दोनों ने कृति और परिवार के साथ त्योहार भी मनाया था, जिससे इनके रिश्ते की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा रहा था। अब सगाई की खबर ने इन तमाम अटकलों पर मुहर लगा दी है।
नूपुर जहां धीरे-धीरे फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना रही हैं, वहीं स्टेबिन बेन म्यूजिक की दुनिया में एक जाना-पहचाना नाम हैं। दोनों की जोड़ी को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं और अब उनकी शादी को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि आने वाले समय में यह कपल शादी की तारीख का ऐलान भी कर सकता है।