बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने किरण राव से दूसरी शादी की थी। दोनों ने 28 दिसंबर, 2005 को शादी की थी और साल 2021 में तलाक लेने का फैसला किया था, जैसे ही दोनों ने तलाक का ऐलान किया था, इंडस्ट्री में जैसे हलचल मच गई थी। कपल के तलाक से इनके फैंस और दोस्त काफी निराश हुए थे। वैसे अब किरण और आमिर बॉलीवुड के एक्स कपल की गिनती में आते हैं, लेकिन दोनों की लव स्टोरी काफी दिलचस्प है।
किरण राव का जन्म
किरण राव का जन्म 7 नवंबर 1973 को बैंगलोर, भारत में हुआ था। किरण आज बॉलीवुड का जाना-माना नाम हैं। आज किरण अपना 51वां जन्मदिन मना रही हैं। फिल्म इंड्स्ट्री में पिछले कई सालों से किरण एक फिल्म निर्माता या निर्देशक के रूप में ही नहीं बल्कि एक बेहतरीन स्क्रिप्ट राइटर के तौर पर भी शानदार काम कर रही हैं।
आमिर की फैन थीं किरण
किरण राव बचपन से ही आमिर खान की फैन रही हैं। हालांकि, उन दिनों शायद ही उन्होंने सोचा होगा कि वह कभी आमिर खान की पत्नी बन सकती हैं। किरण ने एक इंटरव्यू में बताया था कि वे जब 14 साल की थीं, तब उन्होंने आमिर की फिल्म ‘कयामत से कयामत तक’ देखी थी और वह उनकी फैन बन गई थीं।
कैसे हुई दोस्ती और फिर हुआ प्यार
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, किरण की आमिर खान से दोस्ती फिल्म लगान के वक्त से हुई थी, जिसमें उन्होंने आशुतोष गोवारिकर के साथ बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम किया था। धीरे-धीरे दोनों की यह दोस्ती प्यार में बदल गई। आमिर को खुशमिजाज किरण का स्वभाव काफी पसंद आया। खास बात यह है कि किरण ने लगान से अपने करियर की शुरुआत की और यहीं से उन्हें अपना पहला प्यार मिला। इसके बाद दोनों ने साथ में लिव इन में रहने का फैसला किया था। किरण ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा, “आमिर और मैं शादी से पहले एक साल तक साथ रहे और ईमानदारी से कहूं तो, हमने ऐसा इसलिए किया क्योंकि माता-पिता चाहते थे।'' इसके बाद किरण की बतौर निर्देशक पहली फिल्म धोबी घाट थी, जो 2011 में आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले रिलीज हुई थी