मीडिया से बातचीत के दौरान यश ने लोगों से अपील की कि हमको नॉर्थ और साउथ की तुलना करना छोड़ देना चाहिए। उन्होंने कहा, 'मैं नहीं चाहता कर्नाटक के लोग किसी दूसरी इंडस्ट्री को नीचा दिखाएं, क्योंकि हमने भी ऐसा फेस किया है। पहले जब हमारी फिल्में नहीं चला करती थीं, हमारे साथ भी ऐसा ही बर्ताव किया जाता था। हमने यहां तक पहुंचने के लिए काफी मेहनत की है।' अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए यश कहते हैं कि मुझे अच्छा नहीं लगता जब कोई बॉलीवुड का मजाक उड़ाना शुरू कर देता है सिर्फ यह कहते हुए कि बॉलीवुड कुछ नहीं है, यह सरासर गलत है। मैंने वहां से बहुत कुछ सीखा है।
इसके आगे यश कहते हैं कि एक अच्छे देश से होने के नाते हमें बेहतरीन फिल्में और थिएटर्स बनाने चाहिए। और साथ ही हमें एक दूसरे से अपनी तुलना न करते हुए बल्कि इस चीज पर फोकस करना चाहिए कि हम कैसे एक साथ मिलकर दुनियाभर में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। यश ने युवा पीढ़ी को सलाह देते हुए कहा कि खुद से मत लड़ो, बाहर जाओ और दुनिया से लड़ो।