बॉक्स ऑफिस पर होली के दिन की बेहतरीन ओपनिंग लेने वाली अक्षय कुमार की फिल्म 'केसरी' के कलेक्शन में दूसरे दिन ही 20 फीसदी की जबरदस्त गिरावट देखने को मिली है। हालांकि फिल्म के निर्माताओं को अब भी उम्मीद है कि ये फिल्म पहले हफ्ते में सौ करोड़ रुपये का कारोबार करने में सफल रहेगी। अक्षय कुमार की इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'केसरी' होली के दिन (21 मार्च) देश विदेश के सिनेमाघरों में बहुत जोर-शोर से रिलीज हुई थी। फिल्म को पहले सलमान खान और करण जौहर मिलकर प्रोड्यूस करने वाले थे। सलमान खान इस प्रोजेक्ट से इसी कहानी पर अजय देवगन के भी फिल्म बनाने के एलान के बाद हट गए थे। बाद में करण जौहर ने तमाम और निर्माताओं को साथ लेकर ये फिल्म पूरी की।