शनिवार को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों का एलान हुआ। इसमें कार्तिक आर्यन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार दिया गया। उन्हें फिल्म 'चंदू चैंपियन' में बेहतरीन अदाकारी करने के लिए यह पुरस्कार दिया गया। पुरस्कार मिलने पर कार्तिक आर्यन ने खुशी जताई है। इसका वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इसके साथ उन्होंने एक पोस्ट लिखी है।
कार्तिक की पोस्ट में क्या है?
कार्तिक आर्यन ने सोशल मीडिया पर जो पोस्ट शेयर की है उसमें देखा जा सकता है कि वह अपने परिवार के साथ लैपटॉप में उस पल को देख रहे हैं,जब उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार का विजेता घोषित किया जा रहा है। वह स्क्रीन पर अपने परिवार को उंगली से दिखा रहे हैं कि यहां उनका नाम है। इसके बाद वह अपने परिवार के साथ काफी खुश हो जाते हैं।
कार्तिक आर्यन
- फोटो : सोशल मीडिया
कार्तिक ने लिखी भावुक पोस्ट
वीडियो शेयर करते हुए कार्तिक आर्यन ने कैप्शन में लिखा 'अभी भी इस एहसास को महसूस कर रहा हूं। कुछ पल शब्दों से कहीं बड़े होते हैं और यह उन्हीं में से एक है। वर्षों से देखा गया मेरा एक सपना आखिरकार सच हो गया है। हमेशा विनम्र और आभारी रहूंगा। बेस्ट एक्टर नेशनल अवॉर्ड चंदू चैंपियन।'
ज्यादातर रोमांटिक फिल्मों में किया काम
कार्तिक आर्यन ने साल 2011 में 'प्यार का पंचनामा' से बड़े पर्दे पर डेब्यू किया था। उन्होंने अक्सर रोमांटिक ड्रामा वाली फिल्मों जैसे 'सोनू के टीटू की स्वीटी', 'लुका छुपी' और 'सत्यप्रेम की कथा' में अभिनय किया और अपनी पहचान बनाई।
कार्तिक आर्यन
- फोटो : इंस्टाग्राम@kartikaaryan
कार्तिक के काम को सराहा गया
कार्तिक ने कबीर खान की स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म 'चंदू चैंपियन' में अलग तरह का अभिनय किया। यह फिल्म भारत के पहले पैरालिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट मुरलीकांत पेटकर की जिंदगी पर आधारित है। इस किरदार को निभाने के लिए कार्तिक ने बहुत मेहनत की। इस फिल्म में उनके काम को काफी सराहना मिली।