करीना कपूर हिंदी सिनेमा की संपूर्ण औरत हैं। एक रोमांटिक पत्नी, एक ममतामयी मां और एक बिंदास कामकाजी महिला। उन्होंने औरत के हर पहलू को जिया है, परखा है और समझा है। उनका अगला कदम एक रेडियो शो है जो देश की महिलाओं को समझने की कोशिश करेगा। मुझसे अगर पूछा जाए कि जीवन में मुझे ताकत कहां से मिलती है तो मैं, मेरी बहन और मेरी मां, हम एक तरह से त्रिमूर्ति हैं। मैं अपनी मां और बहन से संबल पाती हूं।
मेरे लिए ये दोनों दुनिया की वे सबसे शक्तिशाली महिलाएं हैं जिन्होंने मुझे प्रभावित किया। मेरी मां सिंगल पैरेंट रही हैं और उन्होंने बहुत ही शानदार तरीके से हमारा पालन पोषण किया। मेरी बहन भी अब सिंगल मदर ही है और वह भी बहुत बढ़िया कर रही है। मेरे हिसाब से जिस तरह का प्यार और सम्मान मैंने इनमें देखा, मैं जानती हूं हर महिला अपने जीवन में यही चाहती है। मैंने कभी रेडियो पर नहीं आई। मैंने कभी रेडियो के लिए काम भी नहीं किया। मैं बहुत नर्वस भी थी। लेकिन जब मैंने इस शो का विचार सुना और जब मुझे बताया गया कि शो पर बातें किस तरह की होंगी।
ये शो इस बारे में होगा कि महिलाएं क्या चाहती हैं? और, मेरे हिसाब से ये बिल्कुल सही समय है जब हमें इस तरह के विषयों के बारे में गहराई तक जाना चाहिए। ये मेरे लिए एक अनजाना इलाका है लेकिन ये ऐसी बातें हैं जिनके बारे में हमें बात करनी चाहिए, जिनके बारे में हमें विचार करना चाहिए। मैं हमेशा अपने जीवन में मुखर रही हूं। मेरा हमेशा अपना एक विचार रहा है। ये ऐसा समय है जब महिलाओं को अपनी बात रखनी चाहिए। मुझे अपने महिला होने पर गर्व है और मुझे रेडियो पर महिलाओं की नुमाइंदगी करना अच्छा लगेगा।