करीना कपूर खान के गर्भवती होने की खबरों की पुष्टि के बाद यह रोचक बात आई है कि प्रेग्नेंसी के दिनों में ही वह सोनम कपूर स्टारर फिल्म में काम करेंगी। ऐसे में फिल्म रिलीज होने पर दर्शक पर्दे पर प्रेग्नेंट करीना को देखेंगे। नायिका प्रधान इस कहानी में क्या करीना का किरदार प्रेग्नेंट महिला का होगा? इस सवाल का जवाब जानने के लिए इंतजार करना होगा।
शनिवार को करीना के पति सैफ अली खान ने बताया कि वह दिसंबर में मां बन सकती हैं। इस बीच खबर है कि करीना अगस्त में निर्माता रेहा कपूर की फिल्म की शूटिंग करेंगी। करीना ने पिछले महीने ही इस फिल्म के लिए हामी भरी थी। अब उनकी प्रेग्नेंसी की पुष्टि के बाद रेहा ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा है कि उनकी फिल्म की शूटिंग अगस्त में शुरू हो जाएगी। फिल्म में करीना और सोनम के साथ स्वरा भास्कर तथा शिखा तलसानिया भी होंगी।
रेहा ने कहा, ‘करीना एक मॉडर्न महिला हैं और फिल्म ऐसी ही महिलाओं के जीवन की तस्वीर होगी।’ फिल्म की शूटिंग सितंबर में खत्म हो जाएगी। वैसे करीना की प्रेग्नेंसी के बाद उनका गोलमाल-4 में काम करना संदिग्ध हो गया है। इस फिल्म की शूटिंग साल के अंत तक शुरू होगी। पहले कहा गया था कि करीना इस फ्रेंचाइज में रहेंगी।