चार दिन पहले ही यह खबर सुर्खियों में थी कि एक दशक बाद अभिषेक बच्चन और करीना कपूर साथ काम करने जा रहे हैं। इन दोनों के बीच का मनमुटाव खत्म हो गया है।
खबर थी कि 'ओह माय गॉड' फेम निर्देशक उमेश शुक्ला ने इन दोनों को लेकर फिल्म बनाने की सोची है। बॉलीवुड के लिए यह खबर निश्चित रूप से चौंकाने वाली थी।
दरअसल करीना कपूर और अभिषेक बच्चन की दूरी तब बन गई थी, जब करिश्मा कपूर की जूनियर बच्चन के साथ मंगनी टूट गई थी।
ऐसे में दोनों के साथ काम करने की खबरों ने लोगों को अचंभे में डाल दिया था। लेकिन इधर खुद निर्देशक उमेश शुक्ला ने पोल खोली है कि अभिषेक और करीना के साथ काम करने की खबर निराधार है।
उन्होंने अपनी फिल्म के लिए करीना को कभी एप्रोच ही नहीं किया है। उमेश का तो यहां तक दावा है कि वे करीना कपूर से आज तक नहीं मिले हैं, ऐसे में स्टोरी नेरेशन वाली बात पूरी तरह हास्यास्पद है।
हां, अभिषेक बच्चन और ऋषि कपूर को जरूर अहम किरदारों में लेने की सोची गई है।