करण जौहर को वैसे तो हिंदी सिनेमा में ट्रेंड सेटर माना जाता रहा है लेकिन अब वह भी धीरे-धीरे फोलोअर्स की गिनती में शामिल होने लगे हैं। करण जौहर की फिल्मों का संगीत हमेशा से उनके चाहने वालों के लिए म्यूजिकल ट्रीट की तरह होता है।
लेकिन उनकी इस महीने रिलीज हो रही फिल्म सिम्बा में जिस तरह फिल्म तेरे मेरे सपने के सुपरहिट गाने का रीमिक्स पेश किया गया उससे धर्मा प्रोडक्शन्स की इमेज को धक्का लगा है। ओरिजनल संगीत यशराज फिल्म्स और धर्मा प्रोडक्शन्स की यूएसपी रहा है लेकिन लोकप्रियता और मोटी रकम बटोरने के चक्कर में करण जौहर ने ऐसे रास्ते पर कदम रख दिए जहां उनकी तुलना टी सीरीज के मालिक भूषण कुमार से होने लगी है।
टी सीरीज ने ही करण जौहर को रीमिक्स का चस्का लगाया है और ये चस्का ऐसा है कि करण जौहर अब दूसरी कंपनियों से भी मूल गाने खरीद कर उन्हें अपनी फिल्मों में रीमिक्स कर डाल रहे हैं।
अमर उजाला को पता चला है कि करण जौहर इन दिनों पंजाबी सिंगर एम्मी विर्क का हिट गाना ष्किस्मतष् खरीदने की फेर में हैं। बताया जा रहा है कि ये गाना करण जौहर की अगली फिल्म गुड न्यूज़ में अक्षय कुमार पर फिल्माया जाएगा। इस गाने के राइट्स टाइम्स म्यूजिक के पास हैं।