कन्नड़ अभिनेता चेतन को मिली बेल
- फोटो : Amar ujala
हिजाब विवाद पर चल रही सुनवाई में शामिल एक जज के खिलाफ कन्नड़ फिल्म एक्टर चेतन कुमार ने विवादित टिप्पणी की थी, जिसके चलते उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन बीते मंगलवार को अभिनेता को अदालत से अपने इस अपराध के लिए जमानत मिल गई है। वीकेंड को कोर्ट के बंद रहने की वजह से उन्हें सोमवार को रिहा किया जाएगा। इस बात की जानकारी खुद उनकी पत्नी मेघा ने सोशल मीडिया के जरिए दी है।
फेसबुक पर शेयर की खबर
इस बात की पुष्टि करते हुए चेतन की पच्नी ने अपने फेसबुक पेज पर एक पोस्ट साझा किया। उस पोस्ट में वह लिखती हैं कि "23 फरवरी को हमारी जमानत पर सुनवाई हुई थी, जिसके बाद आदेश 25 फरवरी के लिए सुरक्षित रखा गया था। हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि चेतन को आज (25 फरवरी) शाम जमानत मिल गई है। हालांकि कनीकी औपचारिकताओं के चलते अभी रिलीज आदेश जारी नहीं किया गया है। वीकेंड पर अदालत बंद होने के कारण चेतन सोमवार को वापस आएंगे, वह अभी सोमवार तक न्यायिक हिरासत में ही रहेंगे।"
वह आगे बताती हैं कि सुप्रीम कोर्ट ने कहा है "एक दिन के लिए भी किसी को स्वतंत्रता से वंचित करना एक बहुत ज्यादा है। हमें उम्मीद है कि अब उनकी रिहाई में और देरी नहीं होगी। आप सभी के निरंतर सपोर्ट के लिए धन्यवाद।"
ये था मामला
बीती 16 फरवरी को हिजाब विवाद पर सुनवाई कर रहे जजों के पैनल में से एक जज के खिलाफ चेतन ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक आलोचात्मक ट्वीट कर दिया था, जिसके चलते चेतन मुशकिल में पड़ गए। इसके बाद पुलिस ने चेतन को गिरफ्तार किया था और उनपर धारा 505 और 504 के तहत केस दर्ज किया था। इसके अलावा उनके ऊपर सार्वजनिक शांति भंग करने का भी आरोप था।