ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 ने आज अपनी आने वाली डिजिटल फिल्म कंजूस मक्खीचूस की घोषणा की है। यह विपुल मेहता ने लिखी और निर्देशित की है। इस कॉमेडी ड्रामा फिल्म में कुणाल खेमू, श्वेता त्रिपाठी, पीयूष मिश्रा, अलका अमीन, राजीव गुप्ता और स्वर्गीय राजू श्रीवास्तव प्रमुख भूमिका में नजर आने वाले हैं। फिल्म इसी महीने 24 मार्च को जी 5 पर प्रीमियर के लिए तैयार है।
जमनाप्रसाद हैं बेहद कंजूस
यह एक इंटरेस्टिंग कॉमेडी ड्रामा फिल्म है। कंजूस मक्खीचूस जमनाप्रसाद पांडे(कुणाल खेमू) की कहानी है, जो कि काफी कंजूस होते हैं। वह अपनी कंजूसी के कारण पूरे उत्तर प्रदेश के देवरिया शहर में बदनाम हैं। उनके माता पिता गंगाप्रसाद पांडे (पीयूष मिश्रा) और सरस्वती पांडे(अलका अमीन), पत्नी(श्वेता त्रिपाठी) और बेटा कृष जो कि जमनाप्रसाद की इन कंजूसी वाली आदतों से तंग आ चुके हैं। नहाने के लिए प्रति व्यक्ति एक बाल्टी इस्तेमाल करने से लेकर हर महीने भर में एक अगरबत्ती के उपयोग तक, जमनाप्रसाद कभी भी अनावश्यक रूप से एक रुपया भी नहीं छोड़ता है। हालांकि परिवार के सभी लोगों को यह पता है कि जमनाप्रसाद यह कंजूसी वाला बर्ताव इसलिए करते हैं क्योंकि वह अपने माता पिता की चार धाम की यात्रा के सपने को पूरा करना चाहते हैं।