कंगना रनौत बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस में से एक हैं। कभी अपने बगावती तेवर तो कभी बेबाक अंदाज के लिए मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत हाल ही में एक इवेंट में पहुंची। इस इवेंट में उनके बॉलीवुड करियर को लेकर काफी सारे सवाल किए गए लेकिन एक बार फिर कंगना ने इन सवालों का करारा जवाब देते हुए कहा कि उन्हें शुरू से ही अपने हक की लड़ाई लड़नी पड़ी है और अब तो बगावत और झगड़ा करना उनकी जिंदगी का हिस्सा बन गया है।
कंगना ने आगे कहा, 'आप में से कई लोग मुझे लड़ाकू, बागी और ना जाने क्या-क्या समझते और कहते होंगे, मगर अब मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। मैं अपना हक हासिल करने में यकीन करती हूं। फिर चाहे मुझे उसे लड़कर ही क्यों ना हासिल करना पड़े।'
पढ़ें- कंगना ही नहीं ये एक्टर भी हो चुका है 'नेपोटिज्म' का शिकार
फिल्म ‘सिमरन’ के लेखक अपूर्व असरानी के साथ हुए विवाद को लेकर जब कंगना से सवाल पूछा गया, तो कंगना ने अपनी सफाई देते हुए कहा, ‘इसे लेकर बहुत सारी गलतफहमियां हैं। अपूर्व ने ही अतिरिक्त डायलॉग लेखक के लिए मुझे श्रेय लेने के लिए कहा था। इससे जुड़े तमाम तरह के डॉक्यूमेंट्स और कॉन्ट्रैक्ट भी साइन किए गए थे।
इसके बाद हमने एक शूटिंग के एक शेड्यूल के लिए साथ काम भी किया था। इसके कई महीने बाद अपूर्व ने मेरे खिलाफ तरह-तरह की बातें लिखनी शुरू कर दीं, वो भी ऐसे वक्त जब ‘रंगून’ फ्लॉप हुई थी। उनके अलावा दो-तीन और लोगों ने भी मुझ पर जुबानी हमला बोल दिया। नेपोटिज्म पर बहस शुरू हो गई। लोगों ने मुझे खूब भला बुरा कहा। कंगना की फिल्म 'सिमरन' 15 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।