तनुश्री दत्ता और नाना पाटेकर यौन उत्पीड़न केस ने बॉलीवुड में भूचाल ला दिया है। तनुश्री ने नाना पाटेकर पर 10 साल पहले फिल्म 'हॉर्न ओके प्लीज' के सेट पर उनके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
हालांकि कुछ बड़े सितारे अब भी इस मसले पर कुछ भी बोलने से बचते दिखाई दे रहे हैं वहीं प्रियंका चोपड़ा, स्वरा भास्कर और सोनम कपूर जैसे अभिनेत्रियां इस मामले में खुलकर तनुश्री का साथ दे रही हैं। इस मामले पर बेबाकी के लिए मशहूर अभिनेत्री कंगना रनौत ने खुलकर तनुश्री का साथ दिया है।
पिंक विला को दिए इंटरव्यू में कंगना ने कहा- ''मैं यहां कोई फैसला सुनाने के लिए नहीं हूं। ये न मेरी जगह है न ही ये मेरा मकसद है। तनुश्री के साथ जो गलत हुआ है में उसके खिलाफ आवाज बुलंद करने के लिए मैं उनका समर्थन करती हूं। यह उनका अधिकार है कि वो अपने पर हुए अत्याचार पर खुलकर बात करें।''
कंगना ने आगे कहा, "राजा बेटा को ना का मलतब भी समझाना चाहिए। यह समाज के हित में है कि राजा बेटा को बताया जाना चाहिए कि उनके माता-पिता उन्हें क्या बताने में विफल रहते हैं। उन्हें ये बताना चाहिए कि मौलिक अधिकार महिला और पुरुष दोनों के लिए ही बराबर है। भरोसा कीजिए ये कुछ लोगों के लिए खबर है। जिस तरह के रेप, शोषण और छेड़छाड़ की खबरें हम हर दिन देखते और सुनते हैं, मैं हैरान हूं कि ये हैवान इंसान कहलाने के लायक भी हैं।
बता दें मामले में नाना पाटेकर का बयान भी सामने आया था। नाना ने तनुश्री के सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा था- यौन शोषण से क्या मतलब है। सेट पर पचास से सौ लोग मौजूद थे। मैं उसे लेकर कानूनी एक्शन लूंगा।
इतना ही नहीं तनुश्री ने निर्देशक विवेक अग्निहोत्री पर भी आरोप लगाए हैं कि एक फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें सीन में तनुश्री की जरूरत नहीं भी थी, तब भी क्यू देने के लिए उनसे कहा गया कि कपड़े उतारो और नाचो। लेकिन फिल्म के कलाकारों इरफान खान और सुनील शेट्टी ने इस पर आपत्ति जताई थी और विवेक को ऐसा करने से रोक दिया था।