शाहरुख खान और अभिनेत्री काजोल के बीच इस दिवाली के बाद से अनबोला चल रहा था। लेकिन अब शायद इनमें सुलह हो गई है। काजोल पिछले दिनों शाहरुख के छोटे बेटे अब्राम को देखने गईं।
काजोल ने कहा कि अब्राम बहुत ही सुंदर है। वह अपने पापा पर ही गया है। मालूम हो कि शाहरुख का यह तीसरा बेटा सरोगेसी तकनीक से हुआ था। इस बच्चे को एक सरोगेट मां ने 27 मई को जन्म दिया था।
एक कार्यक्रम में पत्रकारों से बात करते हुए काजोल ने कहा कि मैंने शाहरुख को बधाई दी और मैं बच्चे से भी मिली। वह बहुत सुंदर है। मेरा आशीर्वाद और प्यार हमेशा उसके साथ है। इसके पहले अमिताभ और करन जौहर इस बच्चे के लुक की तारीफ कर चुके हैं।
पिछले साल दीवाली में 'सन ऑफ सरदार' और 'जब तक है जान' फिल्मों को रिलीज लेकर शाहरुख और अजय देवगन में ठन गई थी। इस झगड़े के बाद काजोल ने भी शाहरुख से दूरी बना ली थी। यहां तक कि 'चेन्नई एक्सप्रेस' की प्रीमियर पार्टी में भी काजोल नहीं पहुंची थीं।
अब लगता है कि इन दोनों के बीच सब कुछ सुलझ गया है। वैसे भी फिल्म इंडस्ट्री में झगड़े बहुत लंबे समय तक नहीं चलते हैं। और फिर यह सीजन लड़ाई को खत्म करने वाला रहा है।