बॉलीवुड फिल्मों में अपने अभिनय का जलवा दिखाने वाले अभिनेता शरमन जोशी अब वेब सीरीज की दुनिया में कदम रखने के लिए बिल्कुल तैयार हैं। बीते काफी समय से शरमन जोशी, अभिनेत्री मोना सिंह संग अपनी आनी वाली वेब सीरीज 'कफस' को लेकर चर्चा में हैं। अभिनेता की सस्पेंस सीरीज को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह इसका टीजर देखकर और ज्यादा बढ़ गया था और अब इस उत्सुकता को बढ़ाने के लिए मेकर्स ने 'कफस' की रिलीज का एलान भी कर दिया है।
इस दिन रिलीज होगी सीरीज
मोना सिंह और शरमन जोशी अभिनीत सस्पेंस सीरीज 'कफस' की रिलीज डेट का एलान करते हुए मेकर्स ने एक पोस्ट भी साझा किया है। साहिल संघा द्वारा निर्देशित और अप्लॉज एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित यह सामाजिक सीरीज 23 जून से सोनी लिव पर स्ट्रीम होगी। 'कफस' की रिलीज डेट सोनी लिव के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर साझा की गई थी। पोस्ट साझा करते हुए मेकर्स ने लिखा, 'उनकी चुप्पी खरीदी गई है, लेकिन किस लिए? अधिक जानने के लिए 23 जून 2023 को कफस देखें सोनी लिव पर।'
मुंह पर पट्टी बांधे दिखे मोना-शरमन
मेकर्स द्वारा साझा किए इस वीडियो में शरमन जोशी और मोना सिंह के मुंह पर काली टेप लगी दिखाई दे रही है, जिसकी वजह से वह कुछ भी बोलने में सक्षम नहीं हैं। हालांकि, जब वह अपनी यह टेप उतार देते हैं तब भी बस हताशा के साथ एक-दूसरे की ओर देखते नजर आते हैं। थोड़े दिनों पहले जारी किए गए टीजर में भी शरमन जोशी और मोना सिंह काफी घबराए नजर आ रहे थे। सीरीज के टीजर ने लोगों के बीच इसको लेकर बज बना दिया था।
ये होगी स्टार कास्ट
'कफस' में मोना और शरमन के अलावा विवान भथेना, मिकेल गांधी, तेजस्वी सिंह अहलावत, जरीना वहाब, मोना वासु, मुकेश छाबड़ा और प्रीति झंगियानी भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। मोना सिंह और शरमन जोशी ने इससे पहले राजकुमार हिरानी द्वारा निर्देशित साल 2009 में रिलीज हुए हिट कॉमेडी-ड्रामा फिल्म '3 इडियट्स' में साथ काम किया था। वहीं अगर दोनों के वर्कफ्रंट की बात करें तो मोना सिंह को आखिरी बार साल 2022 में 'लाल सिंह चड्ढा' में देखा गया था, वहीं शरमन जोशी हिंदी-तेलुगू 'म्यूजिक स्कूल' में अपना अभिनय कौशल दिखाते नजर आए थे।