बॉलीवुड अभिनेत्री जूही चावला अक्सर लोगों को सुरक्षा, सफाई और अन्य जरूरी चीजों के लिए जागरुक भी करती रहती हैं। अभी हाल ही में उन्होंने भारत में 5जी तकनीक को लेकर अदालत का रुख लिया है। जूही चावला की ओर से दाखिल याचिका में मांग की गई है कि 5G टेक्नोलॉजी को लागू किये जाने से पहले इससे जुड़े तमाम तरह के अध्ययनों पर बारीकी से गौर किया जाए और फिर उसके बाद ही इस टेक्नोलॉजी को भारत में लागू करने के बारे में विचार किया जाए। इस खबर के सामने आने के बाद से जूही के सोशल मीडिया में काफी चर्चे हैं। वहीं, जूही चावला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है। इसमें वह कहती हैं, 'कुछ लोगों ने कहा आप अभी जाग गई हैं उनसे कहना चाहती हूं कि मैं आज नहीं जागी हूं बल्कि पिछले 10 सालों से सेलफोन टावर, रेडिएशन इन सब के बारे में बातें कर रही हूं। इनके बारे में जितना हो सके जानकारी फैलाई। हमारे फोन मैजिक से नहीं चलते ये रेडियो वेव से चलते हैं और ये वेव्स बढ़ती ही जा रही हैं।'