अभिनेता जूनियर एनटीआर आज अपना 39वां जन्मदिन मना रहे हैं। ऐसे में उनकी नई फिल्म की घोषणा होना फैंस के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं हैा मेकर्स की तरफ से फिल्म का मोशन पोस्टर भी रिलीज कर दिया गया है। जिसे देखने से ही पता चल रहा है कि एनटीआर की ये फिल्म भी एक जबरदस्त एक्शन थ्रिलर होगी। अपने चहेते स्टार की इस फिल्म को लेकर फैंस भी काफी एक्साइटेड नजर आ रहे हैं।
NTR30 लॉन्च
फिल्म के मेकर्स की तरफ से जूनियर एनटीआर की नई फिल्म की जानकारी बहुत ही दिलचस्प तरीके से दी गई है। भले ही फिल्म का नाम सामने न आया हो लेकिन फिल्म का मोशन पोस्टर NTR30 के नाम से जारी किया गया है। एनटीआर की इस नई फिल्म को कोरटाला शिवा द्वारा निर्देशित किया जाएगा। यह दूसरी बार होगा जब अभिनेता एनटीआर और कोरटाला साथ काम करेंगे। इससे पहले साल 2016 में आयी फिल्म 'जनता गैराज' को भी कोरटाला शिवा ने ही निर्देशित किया था और फिल्म सफल रही थी।
मेगा बजट होगी फिल्म
जूनियर एनटीआर की फिल्म को सुधाकर मिक्कीलिनेनी और हरि कृष्णक द्वारा प्रोड्यूस किया जाएगा जबकि नंदमुरी कल्याण राम द्वारा प्रेसेंट की जाएगी। यह एक मेगा बजट पैन इंडिया फिल्म होगी। फिलहाल अभी फिल्म की रिलीज या स्टार कास्ट को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।