जॉन अब्राहम के होम प्रोडक्शन की पहली फिल्म 'विकी डोनर' सफल हो चुकी है और इसके बाद लगातार जॉन अब्राहम अपनी फिल्मों पर काम कर रहे हैं।
खबर है कि वे अगले साल कई नये निर्देशकों के साथ काम करने जा रहे हैं और इन नये निर्देशकों की टोली में एक और नाम शामिल होने जा रहा है। वह है इम्तियाज अली के लेखक निर्देशक भाई साजिद अली की। जॉन अगले साल अपनी एक फिल्म से साजिद को निर्देशन का पहला मौका देने जा रहे हैं।
इससे पहले साजिद ने फिल्म 'कॉकटेल' में अपने भाई के साथ मिल कर स्क्रिप्ट लिखी थी। गौरतलब है कि साजिद की इस फिल्म की कहानी झारखंड के जमशेदपुर शहर पर होगी। जॉन व शील कुमार इसे मिल कर प्रोडयूस करेंगे। यह युवाओं पर आधारित कहानी होगी।
जॉन ने खुद इस बात को स्वीकारा है कि ऐसी कोई फिल्म बनने जा रही है। साजिद ने फिल्म के लिए लोकेशन तलाशने का काम भी शुरू कर दिया है। इस फिल्म में कोलकाता और जमशेदपुर के कई कलाकारों को काम करने का मौका मिलेगा।