जॉन अब्राहम की महात्वाकाक्षाएं बढ़ती ही जा रही हैं। एक्टर के रूप में सफल होने के बाद जॉन एक प्रोड्यूसर के रूप में शाहरुख और आमिर से भी बड़े बनना चाहते हैं।
जॉन अब्राहम की एक एक्टर के तौर पर तो पहचान बन ही चुकी है, अब वे एक नामी प्रोड्यूसर भी बनना चाहते हैं। हाल ही में जॉन के अभिनय से सजी फिल्म 'शूटआउट एट वडाला' रिलीज हुई, जो उनके अब तक के कैरियर की सबसे बड़ी हिट मानी जा रही है।
इस सफलता से वे काफी खुश हैं, लेकिन वे बॉलीवुड का सबसे महंगा एक्टर बनने की नहीं सोच रहे हैं। उनकी तो इच्छा है कि लोग उन्हें एक बड़े प्रोड्यूसर के तौर पर याद करें। जॉन की इच्छा है कि उनके प्रोडक्शन की फिल्म में सलमान खान अभिनय करें।
इतना ही नहीं, जॉन का यह भी कहना है कि वे आमिर खान और शाहरुख खान के साथ भी फिल्म प्रोड्यूस करना चाहते हैं। जॉन के मुंह से सलमान को लेकर फिल्म बनाने की बात सुनकर लोग हैरान हैं।
दरअसल कुछ साल पहले सल्लू और जॉन के बीच जबर्दस्त ठन गई थी। काफी समय तक दोनों ने एक दूसरे से बातचीत भी नहीं की थी। हालांकि अब दोनों के बीच सहज संबंध हैं, लेकिन अभी तक वे दोस्त नहीं बन पाए हैं।
'विकी डोनर' जैसी फिल्म से बतौर प्रोड्यूसर नाम कमाने के बाद जॉन की इच्छा है कि वे अपने बैनर से लगातार अच्छी फिल्में दें। जल्द ही जॉन के बैनर की अगली फिल्म 'मद्रास कैफे' रिलीज होगी। बता दें कि इसमें जॉन ने मुख्य भूमिका अदा की है।